पुलिस की कांबिंग गश्त, 223 वारंट तामील; 22 शराब तस्कर और 5 चाकूबाज गिरफ्तार
कई वर्षों से फरार आरोपी पकड़े

जबलपुर,यशभारत। अपराधों की रोकथाम और कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में शनिवार रात व्यापक कांबिंग गश्त की गई। रात 9 बजे से रविवार तड़के 2 बजे तक चली कार्रवाई में पुलिस टीमों ने फरार आरोपियों और वारंटियों के खिलाफ दबिश देते हुए 223 वारंट तामील किए। वहीं अवैध शराब के कारोबार में लिप्त 22 आरोपियों को गिरफ्तार कर 16 लीटर कच्ची शराब और 416 पाव देशी-विदेशी शराब जब्त की गई। पुलिस ने चाकू लेकर घूम रहे पांच आरोपियों को भी पकड़ा और उनके कब्जे से पांच चाकू बरामद किए।
कांबिंग गश्त के दौरान शहर एवं देहात के सभी थाना क्षेत्रों में अलग-अलग पुलिस टीमें गठित कर दबिश दी गई। टीमों में थाना प्रभारियों के अलावा उप निरीक्षक और सहायक उप निरीक्षक स्तर के अधिकारी शामिल रहे। पुलिस ने लंबे समय से फरार आरोपियों की तलाश के लिए उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की।
कई वर्षों से फरार आरोपी पकड़े
कार्रवाई के दौरान 99 गैर जमानती वारंट, 69 गिरफ्तारी वारंट और 55 जमानती वारंट तामील किए गए। इनमें कई ऐसे आरोपी शामिल हैं, जो लंबे समय से पुलिस से बचते हुए फरार चल रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
शराब और चाकू पर भी कार्रवाई
पुलिस टीमों ने अवैध शराब कारोबारियों के ठिकानों पर दबिश देकर 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 16 लीटर कच्ची शराब और 416 पाव देशी एवं अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसी तरह सार्वजनिक स्थानों पर चाकू लेकर घूम रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर पांच चाकू जब्त किए गए।
कांबिंग गश्त के दौरान सक्रिय गुंडे-बदमाशों की भी जांच की गई। देर रात आने-जाने वाले लोगों से पूछताछ के साथ संदिग्ध वाहनों की जांच की गई। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मुसाफिरखाने में भी संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की गई।
पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने कहा कि अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। लंबित वारंटों की तामीली के साथ फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई पुलिस की प्राथमिकता है।







