भोपालमध्य प्रदेश

मध्यप्रदेश की दहलीज पर मानसून, 42 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

मध्यप्रदेश की दहलीज पर मानसून, 42 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

भोपाल, यश भारत । दक्षिण-पश्चिम मानसून मध्यप्रदेश की सीमा तक पहुंच चुका है और अगले दो से तीन दिनों में प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून बालाघाट, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिले के रास्ते प्रदेश में दस्तक देगा। इसके पहले प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तेज बनी रहेंगी।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के भोपाल केंद्र ने बुधवार को प्रदेश के 42 जिलों में तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई है। जिन जिलों में अलर्ट जारी किया गया है उनमें भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, झाबुआ, आलीराजपुर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, शाजापुर, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी शामिल हैं।

मौसम विभाग ने नरसिंहपुर जिले में हीटवेव का अलर्ट भी जारी किया है। वहीं ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, अशोकनगर, श्योपुर, शिवपुरी, नीमच, मंदसौर, रतलाम, उज्जैन और आगर-मालवा में गर्मी का असर बने रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून के प्रवेश के साथ ही प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में गिरावट आएगी और किसानों को खरीफ फसलों की बुवाई के लिए अनुकूल परिस्थितियां मिलेंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button