स्वास्थ्य विभाग में पीएफ राशि में 54 करोड़ की गड़बड़ी का आरोप

स्वास्थ्य विभाग में पीएफ राशि में 54 करोड़ की गड़बड़ी का आरोप
– फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भुगतान कराने का दावा, आउटसोर्स कर्मचारियों की रकम प्रभावित
भोपाल, यश भारत । मध्य प्रदेश स्वास्थ्य विभाग में आउटसोर्स कर्मचारियों के भविष्य निधि की राशि में करीब 53.81 करोड़ रुपए की अनियमितता सामने आने का दावा किया गया है। आरोप है कि वर्ष 2022 से मई 2026 के बीच कई एजेंसियों ने कर्मचारियों के वेतन से काटी गई पीएफ राशि और संबंधित अंशदान निर्धारित खातों में जमा नहीं कराया।
पीएफ जमा कराने के नाम पर चालान और अन्य दस्तावेज लगाए गए, लेकिन उनका पर्याप्त सत्यापन किए बिना संबंधित कार्यालयों से भुगतान स्वीकृत कर दिया गया। इसका असर कंप्यूटर ऑपरेटर, सुरक्षा गार्ड, वार्ड बॉय और रसोइयों जैसे आउटसोर्स कर्मचारियों पर पड़ा।
जांच में कुछ जिलों में कर्मचारियों की संख्या से अधिक नाम दर्शाकर भुगतान कराने और कम कर्मचारियों के पीएफ चालान लगाकर बड़ी रकम के बिल पास कराने जैसी गड़बड़ियां भी सामने आने का दावा है। एक मामले में हजारों कर्मचारियों की पीएफ राशि में से पूरी रकम जमा नहीं होने की बात सामने आई है।







