राह चलते युवक से मोबाइल की लूट

राह चलते युवक से मोबाइल की लूट
भोपाल, यश भारत। राजधानी के गौतम नगर थाना इलाके में बाइक सवार बदमाशों द्वारा लूट की वारदात थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा घटना में राजगढ़ कॉलोनी के पास बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक युवक के हाथ से मोबाइल झपटा और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, नितिन कुमार शाक्य निवासी राजगढ़ कॉलोनी अपने किसी काम से पैदल जा रहे थे। जब वे कॉलोनी के पास पहुंचे, तभी वे मोबाइल पर बात करने लगे। इसी बीच पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने नितिन को संभलने का मौका दिए बिना उनके हाथ से मोबाइल छीन लिया। जब तक नितिन शोर मचाते, बदमाश तेजी से आंखों से ओझल हो गए।
घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर मामले की जानकारी दी। गौतम नगर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट का प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि बदमाशों के भागने के रूट पर लगे कैमरों की जांच की जा रही है और हुलिए के आधार पर संदिग्धों की तलाश की जा रही है।







