ग्राउंड पुलिसिंग को मजबूत करने की कवायद, अपराधों के खुलासे के लिए करें तकनीकी संसाधनों का उपयोग, एसपी ने की अपराधों की समीक्षा

कटनी, यशभारत। थाना और चौकी स्तर पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जाए तथा असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखते हुए उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाए। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ धारा 185 मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाए एवं एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाए। संपत्ति संबंधी अपराधों की विवेचना में सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और वैज्ञानिक अनुसंधान पद्धति का उपयोग किया जाए। यह निर्देश एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को दिए। एसपी ने कानून व्यवस्था, लंबित प्रकरणों और अपराध नियंत्रण की समीक्षा करते हुए ग्राउंड पुलिसिंग को मजबूत करने, तकनीकी संसाधनों के अधिकतम उपयोग और आमजन में सुरक्षा की भावना बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
डिजिटल पुलिसिंग प्रणाली पर जोर
एसपी ने निर्देश दिए कि लोक शांति भंग करने वालों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, सीसीटीएनएस, ई साक्ष्य और ई एफआईआर जैसी डिजिटल पुलिसिंग प्रणालियों के प्रभावी उपयोग, एससी एसटी एक्ट के मामलों में समय सीमा के भीतर चालान प्रस्तुत करने तथा सीएम हेल्पलाइन और जनसुनवाई की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए।
बॉडी वॉर्न कैमरा एवं रिफ्लेक्टर का करें उपयोग
एसपी ने पुलिस कर्मियों को निर्धारित वर्दी में ड्यूटी करने, आवश्यकतानुसार बॉडी वॉर्न कैमरा एवं रिफ्लेक्टर का उपयोग करने और आमजन से बेहतर एवं विनम्र व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के साथ जनता को बेहतर पुलिसिंग का अनुभव कराना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। बैठक में एएसपी कमल मौर्य, डीएसपी रत्नेश मिश्रा, डीएसपी शिवा पाठक, एसडीओपी विजयराघवगढ़ वीरेंद्र धार्वे, एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी, आरआई संध्या राजपूत, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं विवेचक उपस्थित रहे।







