कांग्रेस सेवा दल की प्रदेश स्तरीय बैठक में संगठन मजबूती पर मंथन वंदे मातरम् को लेकर भाजपा आरएसएस की विचारधारा पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर

कांग्रेस सेवा दल की प्रदेश स्तरीय बैठक में संगठन मजबूती पर मंथन
वंदे मातरम् को लेकर भाजपा आरएसएस की विचारधारा पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
भोपाल यश भारत। मध्य प्रदेश कांग्रेस दल की ओर से प्रदेश पदाधिकारियों और जिला मुख्य संगठकों की प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित टी गई। बैठक में संगठन को मजबूत करने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने और जिला स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों और जिला मुख्य संगठकों ने अपने अपने क्षेत्रों की संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी साझा की। नेताओं ने कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने कांग्रेस की विचारधारा और कार्यक्रमों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने तथा बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। आगामी दिनों में प्रदेश और जिला स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों को लेकर भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
वंदे मातरम् को लेकर भाजपा पर निशाना
बैठक के दौरान कांग्रेस नेताओं ने वंदे मातरम् के गायन और राष्ट्रवाद को लेकर भाजपा एवं आरएसएस की विचारधारा पर सवाल उठाए। नेताओं ने कहा कि वंदे मातरम् का कांग्रेस के स्वतंत्रता आंदोलन से गहरा संबंध रहा है और आजादी के आंदोलन के दौरान कांग्रेस के अधिवेशनों में इसका गायन किया जाता रहा। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि आज भाजपा राष्ट्रवाद के नाम पर स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास को अपने तरीके से प्रस्तुत करने का प्रयास कर रही है।नेताओं ने कहा कि कांग्रेस के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने देश की एकता और आजादी के लिए जेल यातनाएं सहीं और अनेक लोगों ने अपने प्राण न्योछावर किए। उन्होंने भाजपा और आरएसएस से सवाल किया कि राष्ट्रवाद की उनकी परिभाषा क्या है और देश की जनता के सामने वे किस तरह का राष्ट्रवाद रखना चाहते हैं। कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि देश की एकता को धर्म और जाति के आधार पर बांटने के बजाय सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की आवश्यकता है। उन्होंने आरएसएस और भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि राष्ट्रगीत को लेकर राजनीति करने से पहले अपने कार्यालयों में भी वंदे मातरम् के इतिहास और महत्व को समझाया जाना चाहिए।
जनसेवा के माध्यम से विचारधारा मजबूत करने की रणनीति
बैठक में कांग्रेस सेवा दल के संगठन को प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक सक्रिय करने पर भी चर्चा हुई। नेताओं ने कहा कि जनसेवा के माध्यम से आम लोगों के बीच पहुंच बढ़ाई जाएगी और कांग्रेस की विचारधारा को मजबूत करने के लिए लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए जिला संगठकों को स्थानीय स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की टीम तैयार करने और जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के निर्देश दिए गए। बैठक में बड़ी संख्या में प्रदेश पदाधिकारी और जिला मुख्य संगठक मौजूद रहे।







