जिंदगी पर भारी ‘हाई वोल्टेज’ लापरवाही: दिल दहला देने वाला हादसा, पुलिस खंगाल रही मौत के सारे पहलू

मंडला। जिले के उपनगर महाराजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ज्वालाजी वार्ड में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ घर की छत पर काम कर रहे एक व्यक्ति की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। इस आकस्मिक घटना से मृतक के परिवार और इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी अनुसार ज्वालाजी वार्ड निवासी पूना राम नंदा अपने घर की छत पर कुछ काम कर रहे थे। इसी दौरान वे घर के पास से ही गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। हाई वोल्टेज करंट लगने के कारण वे बुरी तरह झुलस गए और मौके पर ही अचेत हो गए। हादसे के तुरंत बाद बदहवास परिजनों और स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले की जानकारी देते हुए जिला अस्पताल के डॉक्टर दिव्येश पटैल ने बताया कि पीडि़त को जब अस्पताल लाया गया था, उससे पहले ही उनकी मृत्यु हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही महाराजपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर लिया है। फिलहाल, पुलिस घटनास्थल का मुआयना कर इस दुखद घटना के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।







