अमृत भारत एक्सप्रेस पर पथराव, कटनी साउथ के पास वारदात से यात्रियों में दहशत

कटनी। चर्लपल्ली से मुजफ्फरपुर जा रही अमृत भारत एक्सप्रेस में कटनी साउथ स्टेशन के पास गुरूवार-शुक्रवार रात अज्ञात तत्वों ने अचानक पथराव कर दिया था। ट्रेन की गति धीमी होने के कारण लूटपाट का प्रयास किए जाने का प्रयास किया गया। सूत्रों के मुताबिक गाड़ी संख्या 15294 अमृत भारत एक्सप्रेस जबलपुर से कटनी की ओर जा रही थी। कटनी साउथ स्टेशन के पास पहुंचते ही रात करीब 1 बजे ट्रेन की गति धीमी हुई, तभी पथराव शुरू हो गया। पथराव के चलते यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया। घटना के दौरान ट्रेन में मौजूद टिकट चैकिंग स्टाफ भी मौजूद रहा। जिन्होंने यात्रियों को तत्काल सतर्क करते हुए खिड़कियां और दरवाजे बंद करने के लिए कहा और पुलिस को सूचना दी। यात्रियों का कहना है कि जिस समय उन्हें सुरक्षा बल की जरूरत थी, उस समय टीसी ही उनके लिए सबसे बड़ा सहारा बना। अपनी जिम्मेदारी से आगे बढक़र यात्रियों को सुरक्षित रखने के उनके प्रयास की सराहना की जा रही है। घटना ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। यात्रियों के अनुसार पुलिस को सूचना देने के बाद भी पुलिस बल नहीं पहुंचा।





