ट्रकों में ठंूस-ठंूसकर पशुओं का परिवहन, निवार एवं झिंझरी पुलिस ने की कार्रवाई, 617 पशुओं को कराया मुक्त, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज

कटनी, यशभारत। पशुओं के क्रूरतापूर्वक परिवहन की सूचना मिलने पर झिंझरी एवं निवार चौकी पुलिस ने बीती रात बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो ट्रकों को जब्त करते हुए 617 पशुओं को मुक्त कराया और आधा दर्जन से अधिक लोगों के विरूद्ध वैधानिक कार्रवाई की है। कटनी जिले से होकर गुजरे बायपास से रोजाना बड़ी तादात में पशुओं का क्रूरतापूर्वक परिवहन किया जा रहा है। ट्रकों में मूक पशुओं को ठंूस-ठंूसकर परिवहन किया जा रहा है। रीवा और उत्तरप्रदेश के कई शहरों से कटनी बायपास होकर जबलपुर होते हुए नागपुर और हैदराबाद तक इन पशुओं को पहुंचाया जा रहा है। लगातार शिकायतें मिलने के बाद एसपी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में झिंझरी एवं निवार चौकी पुलिस ने कार्रवाई की। निवार पुलिस चौकी ने बिना वैध परमिट के 354 भेड़ बकरियों का क्रूरतापूर्वक परिवहन कर रहे ट्रक को जब्त कर 7 आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम एवं मोटरयान अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
लखापतेरी के पास घेराबंदी कर पकड़ा ट्रक
निवार चौकी प्रभारी अंजनी मिश्रा ने बताया कि मुखबिरों की सूचना पर राष्ट्रीय राजमार्ग 30 स्थित लखापतेरी के पास पंछी ढाबा के सामने टाटा ट्रक क्रमांक एमपी 17 एचएच 3130 को रोका गया, जिसमे 354 पशु मिले, जिनमें 310 भेड़, 4 मृत भेड़ तथा 40 बकरी बकरे शामिल थे। ट्रक में अत्यधिक संख्या में पुलिस के अनुसार पशुओं को ठूंसकर भरा गया था और मौके पर परिवहन से संबंधित कोई वैध परमिट या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं थे।
इन पर दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने इस मामले में जितेन्द्र कुमार वर्मा पिता कामता प्रसाद वर्मा निवासी कटरा थाना गढ़ जिला रीवा, मोहम्मद मुस्तफा उर्फ बबलू पिता शेख साकिर निवासी सिहावल थाना अमिलिहा जिला सीधी, संतलाल गोंड पिता चैतू सिंह गोंड निवासी बगदरा, रनबहादुर सिंह पिता राम प्रताप सिंह निवासी बगदरा, बब्बन सिंह पिता बलजीत सिंह निवासी बगदरा, गुरुदेव सिंह पिता देवराज सिंह निवासी बगदरा एवं अशोक शुक्ला पिता जवाहर लाल शुक्ला निवासी गंगतिरा थाना गढ़ जिला रीवा के विरूद्ध पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 (क), 11 (ए) (इ) तथा मोटरयान अधिनियम की धारा 66/192 (ए) के तहत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई में चौकी प्रभारी अंजनी कुमार मिश्र, एएसआई कमलेश प्रसाद शुक्ला, प्रधान आरक्षक गौरव सेन एवं संतोष प्रजापति की सराहनीय भूमिका रही।
झिंझरी पुलिस ने भी की कार्रवाई
इसी तरह झिंझरी पुलिस चौकी ने गुलबारा ब्रिज के ऊपर 263 पशुओं का परिवहन करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और 1 को ट्रक जप्त किया है। चौकी प्रभारी राजेश कुमार दुबे ने बताया कि यातायात पुलिस की सूचना पर झिंझरी पुलिस व्दारा एक ट्रक को जब्त किया गया, जिसमे भेड़ बकरी का क्रूरतापूवर्क परिवहन किया जा रहा था। ट्रक क्रमांक एमएच 31 एफबी 8433 में अधिक संख्या में बकरा, बकरी एवं भेड भरे हुये थे। पुलिस ने इस मामले में शिवा कुशवाहा पिता राजकुमार कुशवाहा निवासी श्यामनगर थाना नागौद जिला सतना एवं वाहन स्वामी अनूप जनार्दन भैसारे के विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम व एमव्ही एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।







