मध्य प्रदेश में बाढ़ का कहर: डिंडौरी-मैहर में स्कूल बंद, उफान पर नदियां, प्रशासन अलर्ट

डिंडोरी/ सतना। मध्य प्रदेश में मानसून का एक्टिव स्ट्रॉन्ग सिस्टम से डिंडौरी, पन्ना, रीवा, सतना, छतरपुर समेत कई जिलों में बाढ़ के हालात हैं। स्थिति यह है कि नर्मदा, मंदाकिनी जैसी नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। जिससे आम जन जीवन लगातार प्रभावित हो रहा है।मैहर और डिंडौरी के स्कूलों में आज छुट्टी कर दी गई है। डिंडौरी में आंगनवाड़ियां भी बंद हैं।

जानकारी के अनुसार मैहर में देर रात मर्जुआ नाले को पार करने के दौरान ट्रक नंबर MP19 ZR 7976 करीब 7 फीट गहरे पानी में फंस गया। स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों की मदद से रस्सा बांधा, जिसके सहारे ट्रक ड्राइवर राकेश और क्लीनर को बचा लिया गया।

आज निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर समेत 16 जिलों में हैवी रेन का अलर्ट है। मौसम विभाग के मुताबिक, यहां अगले 24 घंटे में 4 से 8 इंच तक पानी गिर सकता है। ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, सागर, दमोह, पन्ना, सीधी और सिवनी में भारी बारिश का अलर्ट है।







