
ऑयल टंकी फटने से 5 लोग झुलसे, एक महिला की हालत गंभीर
देवा (बाराबंकी), । देवा थाना क्षेत्र के हाजीहार मजरे मऊ रानीपुर गांव में बुधवार को मेंथा ऑयल की टंकी फटने से बड़ा हादसा हो गया। विस्फोट की चपेट में आकर पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) देवा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, घायलों में चार लोगों का शरीर 60 प्रतिशत से अधिक झुलस गया है। वहीं नेहा नामक महिला करीब 80 प्रतिशत तक झुलस गई हैं, जिनकी हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है। जिला अस्पताल में चिकित्सकीय परीक्षण के बाद नेहा को बेहतर उपचार के लिए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य घायलों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। अधिकारियों ने बताया कि टंकी फटने के कारणों की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों के मुताबिक विस्फोट इतना तेज था कि उसकी आवाज दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए। हादसे के बाद पूरे गांव में हड़कंप का माहौल बना रहापुलिस और प्रशासन द्वारा मामले की गहन जांच की जा रही है तथा घायलों के उपचार पर लगातार नजर रखी जा रही है।







