फ्लाईओवर से फेंकी गई जलनशील बोतल से घर में लगी आग, युवक झुलसा अस्पताल में भर्ती
जबलपुर, यश भारत।

फ्लाईओवर से फेंकी गई जलनशील बोतल से घर में लगी आग, युवक झुलसा अस्पताल में भर्ती
जबलपुर, यश भारत। मदन महल थाना क्षेत्र में देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां फ्लाईओवर के ऊपर से अज्ञात व्यक्ति द्वारा फेंके गए जलनशील पदार्थ के कारण एक मकान में आग लग गई। हादसे में घर के अंदर सो रहा युवक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार घटना रात करीब 3:30 बजे की है। मदन महल स्टेशन रोड पर, मदन महल चौराहे से लगभग 50 मीटर दूरी पर स्थित मकान में शिवांशवर नामक युवक अपने कमरे में सो रहा था। मकान की छत पर सीमेंट शीट और काले रंग की पॉलिथीन डली हुई थी। अचानक छत पर आग लग गई और जलते हुए कण नीचे कमरे में गिरने लगे, जिससे युवक झुलस गया।
सूचना मिलते ही मदन महल पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने फ्लाईओवर के ऊपर से जलनशील पदार्थ से भरी बोतल मकान की छत पर फेंकी थी, जिससे आग भड़क उठी।
पुलिस ने बताया कि फरियादी और आसपास के लोगों से पूछताछ में कुछ संदिग्ध नाम सामने आए हैं, जिनकी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है।







