संबलपुर से ट्रेन में गांजा लाकर कर रहे थे तस्करी, दो गिरफ्तार
12 किलो से ज्यादा गांजा बरामद

जबलपुर,यशभारत। क्राइम ब्रांच और खमरिया पुलिस की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 12 किलो 766 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब 6 लाख 38 हजार रुपए है, बरामद किया गया। गांजा के परिवहन में इस्तेमाल सुजुकी एक्सिस स्कूटी भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार 18 अगस्त को क्राइम ब्रांच और खमरिया पुलिस की टीम वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान काले रंग की स्कूटी में सवार दो युवक पुलिस को देखकर वाहन मोड़ने लगे। संदेह होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रोक लिया। पूछताछ में स्कूटी चालक ने अपना नाम शिवम केशरवानी (32), निवासी रानीताल लिंक रोड, गढ़ा फाटक, लॉर्डगंज तथा पीछे बैठे युवक ने हर्षित केशरवानी (31), निवासी नारियल गली, नारियल मंडी, बड़ा फुहारा, लॉर्डगंज बताया।
स्कूटी के फुटरेस्ट पर रखे दो बैगों की तलाशी लेने पर उनमें सात पैकेटों में गांजा मिला। तौल करने पर कुल वजन 12 किलो 766 ग्राम निकला। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा संबलपुर, ओडिशा से खरीदकर ट्रेन के जरिए जबलपुर लाने की बात पुलिस को बताई। पुलिस ने गांजा और परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना खमरिया में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







