बिजली कंपनी की बैटरी चोरी, कर्मचारी पर उस्तरे से हमला करने की कोशिश
जबलपुर, यश भारत

जबलपुर, यश भारत। मढ़ाताल स्थित मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के शहर संभाग पश्चिम कार्यालय के अंतर्गत शुक्रवार सुबह बिजली कंपनी की सामग्री चोरी और कर्मचारी पर हमले का मामला सामने आया है। सहायक अभियंता (अनुरक्षण) द्वारा मदन महल थाना में शिकायत देकर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायत के अनुसार 26 जून की सुबह करीब 6 बजे कार्यालय में कार्यरत बाह्य स्रोत कर्मचारी अक्षय रजक स्ट्रीट लाइट बंद करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान राइट टाउन स्थित एमएलबी स्कूल के पास लोकेशन W/41 पर दो व्यक्ति सीएसएस का ढक्कन खोलकर सामग्री ले जाने का प्रयास कर रहे थे। कर्मचारी ने एक संदिग्ध को पकड़ने की कोशिश की तो आरोपी ने उसके हाथ में दांत से काट लिया और उस्तरे से हमला करने का प्रयास किया।

घटना के बाद सीएसएस की जांच की गई तो पाया गया कि बैटरी का ताला तोड़कर चोरी कर ली गई है और वायरिंग भी काट दी गई है। बिजली कंपनी के अनुसार चोरी गई सामग्री की कीमत करीब 20 हजार रुपए है, जबकि तोड़फोड़ से कंपनी को लगभग 25 हजार रुपए का अतिरिक्त नुकसान हुआ है।
विभाग ने बताया कि घटना में शामिल एक व्यक्ति का फोटो भी लिया गया है, जिसे शिकायत पत्र के साथ पुलिस को सौंपा गया है। वितरण कंपनी ने मदन महल थाना से मामला दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।







