कल संडे को नई बस्ती शंभू टॉकीज क्षेत्र में होगा ‘राहगीरी डे’ का आयोजन
स्वच्छता, स्वास्थ्य और जनजागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर निगम की पहल, नागरिकों से परिवार सहित सहभागिता की अपील

कल संडे को नई बस्ती शंभू टॉकीज क्षेत्र में होगा ‘राहगीरी डे’ का आयोजन
स्वच्छता, स्वास्थ्य और जनजागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर निगम की पहल, नागरिकों से परिवार सहित सहभागिता की अपील


कटनी,यशभारत । स्वच्छ, स्वस्थ एवं जागरूक शहर के निर्माण की दिशा में नगर पालिक निगम द्वारा रविवार को नई बस्ती शंभू टॉकीज क्षेत्र में ‘राहगीरी डे’ का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रातः निर्धारित समय से प्रारंभ होगा, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।
नगर निगम द्वारा आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का उद्देश्य केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से स्वच्छता, स्वास्थ्य और जनजागरूकता का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है। इस दौरान नागरिकों को स्वच्छ सार्वजनिक स्थलों के महत्व, प्लास्टिक मुक्त वातावरण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान योग, व्यायाम, जुंबा, साइकिलिंग, स्केटिंग, हॉर्स राइडिंग तथा पारंपरिक खेलों जैसी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों, युवाओं और परिवारों को शारीरिक रूप से सक्रिय रहने और नियमित व्यायाम को जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
इसके साथ ही स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनसहभागिता से जुड़े संदेशों के माध्यम से नागरिकों को अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने के लिए जागरूक किया जाएगा। नगर निगम का मानना है कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
निगमायुक्त तपस्या परिहार ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस आयोजन में परिवार सहित शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं और स्वच्छ एवं स्वस्थ कटनी के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य भी है।







