लमतरा ब्रिज के पास भीषण सड़क हादसा, हाइवा की टक्कर से यात्री बस पलटी
एक महिला समेत तीन लोगों की मौत की खबर, दो दर्जन से अधिक यात्री घायल; राहत-बचाव कार्य जारी

लमतरा ब्रिज के पास भीषण सड़क हादसा, हाइवा की टक्कर से यात्री बस पलटी
एक महिला समेत तीन लोगों की मौत की खबर, दो दर्जन से अधिक यात्री घायल; राहत-बचाव कार्य जारी


कटनी, यशभारत। जिले के कुठला थाना क्षेत्र अंतर्गत लमतरा ब्रिज के समीप रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार हाइवा की टक्कर से एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तत्काल बचाव कार्य में जुट गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना में एक महिला सहित तीन लोगों की मौत की खबर है, जबकि दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हुए हैं। घायलों को स्थानीय नागरिकों, पुलिस और प्रशासन की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही कुठला पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और राहत दल मौके पर पहुंच गए। दुर्घटनाग्रस्त बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया। घटना के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में बहाल कर दिया गया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। मृतकों एवं घायलों की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है। प्रशासन द्वारा घायलों को हरसंभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हाइवा और बस के बीच हुई टक्कर बेहद जोरदार थी, जिसके चलते बस सड़क किनारे पलट गई और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।







