भोपाल मंडल में आरपीएफ का सघन अभियान, 346 किन्नरों पर कार्रवाई – पांच माह में 2.15 लाख रुपये से अधिक जुर्माना वसूला गया

भोपाल मंडल में आरपीएफ का सघन अभियान, 346 किन्नरों पर कार्रवाई
– पांच माह में 2.15 लाख रुपये से अधिक जुर्माना वसूला गया
भोपाल, यश भारत । रेल यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) भोपाल मंडल द्वारा रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में विशेष सघन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यात्रियों को परेशान कर धन मांगने, जबरन वसूली करने तथा यात्रा में बाधा उत्पन्न करने जैसी गतिविधियों पर कार्रवाई की गई।
डीआरएम पंकज त्यागी के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त डॉ. अभिषेक के निर्देशन में मंडल के सभी आरपीएफ पोस्टों द्वारा संचालित इस अभियान के तहत वर्ष 2026 के पहले पांच माह में कुल 346 किन्नरों को पकड़ा गया। इनके विरुद्ध रेलवे अधिनियम की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए 2 लाख 15 हजार 735 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
आरपीएफ के अनुसार केवल मई माह में ही 39 किन्नरों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जिनसे 29 हजार 180 रुपये की जुर्माना राशि वसूल की गई। रेलवे सुरक्षा बल ने मंडल के सभी पोस्टों को ऐसे मामलों में लगातार निगरानी रखने, नियमित जांच अभियान चलाने और यात्रियों से प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। रेलवे प्रशासन का कहना है कि यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और भयमुक्त यात्रा वातावरण उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा प्रभावित करने वाली गतिविधियों के विरुद्ध विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे।







