स्मार्ट मीटरों की निगरानी में पकड़े गए बिजली चोर चांदबढ़ जोन में 11 परिसरों पर कार्रवाई, पोल से सीधे तार जोड़कर हो रहा था अवैध उपयोग

स्मार्ट मीटरों की निगरानी में पकड़े गए बिजली चोर
चांदबढ़ जोन में 11 परिसरों पर कार्रवाई, पोल से सीधे तार जोड़कर हो रहा था अवैध उपयोग
भोपाल, यश भारत। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के भोपाल शहर अंतर्गत चांदबढ़ जोन में बिजली चोरी के खिलाफ चलाए गए विशेष जांच अभियान में 11 परिसरों में विद्युत चोरी पकड़ी गई। यह कार्रवाई बिजली चोरी संबंधी शिकायतों विजिलेंस ऐप में दर्ज मामलों तथा स्मार्ट मीटरों से प्राप्त संकेतों के आधार पर की गई। जांच के दौरान 11 परिसरों में विद्युत पोल से सीधे तार जोड़कर अवैध रूप से बिजली का उपयोग किया जाना पाया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी मामलों का पंचनामा तैयार किया और विद्युत अधिनियम 2003 के प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की विद्युत कम्पनी स्मार्ट मीटर एवं डिजिटल निगरानी प्रणालियों के माध्यम से बिजली उपभोग पर लगातार नजर रखी जा रही है। आधुनिक तकनीक की सहायता से संदिग्ध गतिविधियों और अनियमितताओं की पहचान कर त्वरित कार्रवाई की जा रही है जिससे विद्युत चोरी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके। कंपनी का कहना है कि राजस्व संरक्षण और विद्युत व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से ऐसे विशेष जांच अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे केवल वैध विद्युत कनेक्शन का उपयोग करें और किसी भी प्रकार की बिजली चोरी या अनियमित गतिविधियों से दूर रहें। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि विद्युत चोरी कानूनन अपराध है। इससे न केवल राजस्व की हानि होती है बल्कि विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता सुरक्षा और विश्वसनीयता भी प्रभावित होती है।







