कटनी

रात के अंधेरे में फिर शुरू हुआ खनिज का अवैध उत्खनन, कुठला और माधवनगर थाना क्षेत्र बना सुरक्षित ठिकाना, राजस्व को क्षति पहुंचाकर करोड़ों का मुनाफा कमा रहे माफिया

कटनी, यशभारत। कुठला थाना क्षेत्र के अंतर्गत करीब आधा दर्जन से अधिक ठिकानों पर एक बार फिर मुरुम का अवैध खनन शुरू हो गया है। रात के अंधेरे में कतिपय खनन माफियाओं द्वारा खुलेआम राजस्व को क्षति पहुंचाते हुए मुरुम की खुदाई की जा रही है। जेसीबी और पोकलिन मशीनों को लगाकर ट्रेक्टर ट्रालियों से मुरुम का अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा है। अवैध खनन की शिकायतें सामने आने के बाद भी न तो पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई की जा रही है और न ही खनिज विभाग द्वारा। कुछ समय पहले जिला प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई के बाद अवैध खनन का सिलसिला रुक गया था लेकिन अब यह एक बार फिर शुरू हो गया है। शिकायतों के मुताबिक कुठला थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम अमराडांड, टिकरिया, मंटोला सहित पन्ना रोड पर कई स्थानों पर माफिया कीमती खनिज का दोहन करने में लगे हुए हैं। इसी तरह माधवनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत भी धडल्ले से मुरुम सहित अन्य खनिज का अवैध रूप से उत्खनन किया जा रहा है। माधवनगर थाने के पीछे जाग्रति पार्क से सटे हुए इलाके में रात के अंधेरे में धरती का सीना चीरकर करोड़ों का मुनाफा कमाया जा रहा है। इससे न केवल प्रकृति को नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि राज्य सरकार को भी राजस्व की क्षति पहुंच रही है। इस पूरे खेल में खनिज विभाग के निरीक्षकों और कतिपय पुलिस अधिकारियों की मिलीभगत की भी चर्चाएं हैं। कलेक्टर आशीष तिवारी एवं पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा से इस मामले को संज्ञान लेकर कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है,जिससे सरकार को होने वाली क्षति को रोका जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button