टंकी फुल कराने से पहले दिल मजबूत कर लीजिए, पेट्रोल फिर हुआ महंगा डीजल के दाम बढ़े तो सब्जी से लेकर स्कूल बस तक बोलेगी — अब मैं और महंगी हूं 25 मई को पेट्रोल के दाम 2.61. डीजल 2.71. प्रति लीटर महंगा

टंकी फुल कराने से पहले दिल मजबूत कर लीजिए, पेट्रोल फिर हुआ महंगा
डीजल के दाम बढ़े तो सब्जी से लेकर स्कूल बस तक बोलेगी — अब मैं और महंगी हूं ,
25 मई को पेट्रोल के दाम 2.61. डीजल 2.71. प्रति लीटर महंगा
भोपाल, यश भारत। पेट्रोल डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम आदमी की जेब पर फिर से दबाव बढ़ा दिया है। तेल कंपनियों ने 25 मई को पेट्रोल के दाम में ₹2.61 और डीजल में ₹2.71 प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी। इसके बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल ₹102.12 और डीजल ₹95.20 प्रति लीटर पहुंच गया है। मई महीने में यह चौथी बार ईंधन कीमतों में इजाफा हुआ है। डीजल महंगा होने का सीधा असर परिवहन व्यवस्था और रोजमर्रा की जरूरतों पर पड़ने की आशंका है। ट्रकों और मालवाहक वाहनों का किराया बढ़ने से दूसरे राज्यों से आने वाली सब्जियां फल और राशन महंगे हो सकते हैं। खेती-किसानी की लागत भी बढ़ेगी, क्योंकि ट्रैक्टर और सिंचाई पंप डीजल पर निर्भर हैं। वहीं बस, ऑटो और स्कूल वाहनों के किराए में भी बढ़ोतरी संभव मानी जा रही है। विशेषज्ञों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल इसकी बड़ी वजह है। ईरान अमेरिका तनाव के चलते क्रूड ऑयल 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है जिससे सरकारी तेल कंपनियों पर आर्थिक दबाव बढ़ा है। सरकार का कहना है कि इंडियन ऑयल बीपीसीएल और एचपीसीएल जैसी कंपनियों को पेट्रोल, डीजल और एलपीजी पर हर महीने करीब 30 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा था। इसी कारण कीमतों में संशोधन किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी हाल ही में ईंधन की बचत और संयमित उपयोग की जरूरत पर जोर दे चुके हैं।







