भोपाल पहुंचे राम चरण और जान्हवी, एआर रहमान देंगे लाइव परफॉर्मेंस

भोपाल पहुंचे राम चरण और जान्हवी, एआर रहमान देंगे लाइव परफॉर्मेंस
भोपाल, यशभारत। राजधानी के संगीत और सिनेमा प्रेमियों के लिए आज का दिन बेहद खास होने जा रहा है। ऑस्कर विजेता मशहूर संगीतकार और गायक एआर रहमान आज भोपाल में अपनी सुरमयी आवाज का जादू बिखेरेंगे। वे यहाँ अपकमिंग पैन-इंडिया फिल्म पेद्दी के ग्रैंड प्रमोशन के सिलसिले में लाइव कॉन्सर्ट करने पहुंचे हैं। यह मेगा इवेंट आज शाम 7 बजे से शहर के भेल दशहरा मैदान में आयोजित किया जाएगा, जिसमें आम जनता के लिए प्रवेश पूरी तरह खुला रखा गया है।
इस कॉन्सर्ट और फिल्म प्रमोशन का हिस्सा बनने के लिए साउथ सुपरस्टार राम चरण, बॉलीवुड अभिनेत्री जान्हवी कपूर, अभिनेता दिव्येंदु शर्मा और रवि किशन भोपाल पहुंच चुके हैं। राजाभोज एयरपोर्ट पर इन सितारों की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसकों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे वहां भारी उत्साह का माहौल देखा गया। मुंबई के बीकेसी में शानदार ट्रेलर लॉन्च के बाद फिल्म की पूरी स्टारकास्ट ने देशव्यापी प्रमोशन के लिए भारत के दिल यानी मध्य प्रदेश को चुना है।
भोपाल को चुनने की खास वजह
मीडिया से चर्चा के दौरान सुपरस्टार राम चरण ने बताया कि फिल्म पेद्दी में वे एक पहलवान की भूमिका में हैं और पर्दे पर कुश्ती करते नजर आएंगे। जब उनसे पूछा गया कि फिल्म के प्रमोशन की शुरुआत के लिए भोपाल को ही क्यों चुना गया? तो राम चरण ने बेहद संजीदगी से जवाब देते हुए कहा, भोपाल और मध्य प्रदेश के लोग कुश्ती और हमारे पारंपरिक खेलों को दिल से प्यार देते हैं। यही वजह है कि हमने इस खास सफर की शुरुआत यहाँ से करने का फैसला किया।
4 जून को रिलीज होगी फिल्म
बुच्ची बाबू के निर्देशन में बनी फिल्म पेद्दी आगामी 4 जून को देश भर के सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। इस फिल्म में एआर रहमान का संगीत है, जो आज भोपाल वासियों को लाइव सुनने को मिलेगा। यह फिल्म अभिनेत्री जान्हवी कपूर के करियर की दूसरी तेलुगु फिल्म है। इससे पहले उन्होंने साल 2024 में फिल्म देवरा से साउथ सिनेमा में अपना सफल डेब्यू किया था। आज शाम भेल दशहरा मैदान में होने वाला यह कार्यक्रम भोपाल के इतिहास में मनोरंजन का एक बड़ा अध्याय लिखने जा रहा है।







