पहले चरण में 1150 बच्चों को निजी स्कूलों में मिला दाखिला, राइट टू एजुकेशन : दूसरे चरण की प्रक्रिया पूरी, दो दिन बाद होगा स्कूलों का आवंटन

कटनी, यशभारत। राइट टू एजुकेशन के अंतर्गत जिले में गरीब एवं कमजोर वर्ग के बच्चों को निजी स्कूलों में दाखिला दिलाने की प्रक्रिया चल रही है। आरटीई के अंतर्गत जिले में दो चरण संपन्न हो चुके हैं। प्रथम चरण में जहां 1150 बच्चों का दाखिला निजी स्कूलों में कराया जा चुका है तो वहीं 20 मईको लाटरी निकालकर द्वितीय चरण की प्रक्रिया पूरी कराई गई, हालांकि अभी तक यह पता नहीं चल सका है कि दूसरे चरण में कितने बच्चों को निजी स्कूलों का आवंटन किया गया है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सोमवार तक यह पता चल जाएगा कि लाटरी के बाद गरीब एवं कमजोर वर्ग के कितने बच्चों का निजी स्कूलों में एडमीशन कराया गया है। कटनी जिले में शिक्षा का अधिकार अधिनियम आरटीई के तहत निजी विद्यालयों में नि:शुल्क प्रवेश के लिए द्वितीय चरण की ऑनलाइन लॉटरी प्रक्रिया विगत 20 मई को संपन हुई। बताया जाता है कि द्वितीय चरण की लॉटरी में उन बच्चों को शामिल किया गया था, जिन्हें पहले चरण में पसंद का स्कूल नहीं मिल पाया था। बच्चों को रिक्त सीटों के आधार पर दोबारा आवेदन और स्कूल चयन का अवसर दिया गया था।
अब तक 1150 बच्चों को मिला प्रवेश
कटनी जिले की बात करें तो आरटीई के तहत इस वर्ष कुल 2211 आवेदन जमा हुए थे। जिसमे दस्तावेज सत्यापन के बाद कुल 1746 आवेदनों को प्रक्रिया में शामिल किया गया। प्रथम चरण में 1291 बच्चों को निजी स्कूलों का आवंटन किया गया। इसमे से अब तक 1150 विद्यार्थियों का निजी स्कूलों में नि:शुल्क प्रवेश हो चुका है। अभिभावक आरटीई पोर्टल पर जाकर आवंटन पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। चयनित बच्चों के अभिभावकों को एसएमएस के माध्यम से भी सूचना भेजी जा रही है। विद्यार्थियों का प्रवेश 20 मई से 10 जून तक संबंधित स्कूलों में किया जाएगा।
इनका कहना है
राज्य शिक्षा केन्द्र के निर्देश पर जिला शिक्षा केन्द्र द्वारा कटनी जिले में शिक्षा का अधिकार अधिनियम आरटीई के अंतर्गत गरीब एवं कमजोर वर्ग के बच्चों का निजी स्कूलों में दाखिला कराया जा रहा है। दो चरणों में इस प्रक्रिया को पूरा किया गया है।
-रामभूषण अग्निहोत्री
एपीसी, कम्यूनिटी एंड मोबालाईजेशन
जिला शिक्षा केन्द्र







