शराब के लिए पैसे न देने पर दादी के साथ मारपीट, उमरियापान का मामला, पुलिस ने कलयुगी नाती को गिरफ्तार कर भेजा जेल

कटनी, यशभारत। शराब के लिए पैसे नहीं देने पर 70 वर्षीय बुजुर्ग दादी के साथ मारपीट करने वाले कलयुगी नाती को उमरियापान पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया है। उमरियापान थाना प्रभारी महेंद्र कुमार जायसवाल ने बताया कि चैती बाई पति प्यारेलाल कोल उम्र 70 वर्ष निवासी उमरियापान ने थाने उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका नाती करिया उर्फ परदेशी कोल उससे शराब पीने के लिए पैसों की मांग कर रहा था। जब उसने पैसे देने से मना किया तो आरोपी नाती दबाव बनाते हुए कहने लगा कि घर बेच दो। प्रार्थिया द्वारा इसका कड़ा विरोध करने और पैसे न देने पर आरोपी ने अपनी ही वृद्ध दादी के साथ मारपीट कर दी। बुजुर्ग महिला के साथ हुई इस घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया। आरोपी करिया उर्फ परदेशी कोल पिता कमलेश कोल निवासी उमरियापान के विरुद्ध तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 119(1), और 351(3) का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे माननीय जेएमएफसी न्यायालय ढीमरखेड़ा के समक्ष पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर आरोपी को जिला जेल कटनी में निरुद्ध कर दिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल, उपनिरीक्षक भरत सिंह मार्को, प्रधान आरक्षक आशीष झारिया, अजय तिवारी, आरक्षक नीलेश पटेल, मोहन मुबेल एवं स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






