दवा कारोबार में गड़बड़ी, पांच स्टोर पर शिकंजा
रिकॉर्ड में गड़बड़ी मिली तो पांच मेडिकल स्टोर्स की अनुज्ञप्तियां निलंबित

दवा कारोबार में गड़बड़ी, पांच स्टोर पर शिकंजा
रिकॉर्ड में गड़बड़ी मिली तो पांच मेडिकल स्टोर्स की अनुज्ञप्तियां निलंबित

एक पर 10 दिन की कार्रवाई
कटनी, यशभारत। दवा की दुकानों से बिकने वाली कुछ औषधियों के नशे में दुरुपयोग की आशंका के बीच प्रशासन ने मेडिकल स्टोर्स के रिकॉर्ड खंगालने शुरू कर दिए हैं। औषधि निरीक्षण में बिल, रजिस्टर और शेड्यूल एच एवं एच-1 दवाओं के अभिलेखों में गड़बड़ी मिलने पर पांच मेडिकल स्टोर्स की अनुज्ञप्तियां निलंबित की गई हैं।
हीरागंज स्थित लकी फार्मा में नशे के रूप में दुरुपयोग की संभावना वाली दवाओं के विक्रय बिल और अभिलेखों के संधारण में भी कमियां मिलीं। जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर इसकी अनुज्ञप्तियां 10 दिन के लिए निलंबित कर दी गईं।
इसी तरह भमृति मेडिकल एंड प्रोविजन्स, माधवनगर की 7 दिन, श्री जय मेडिकल स्टोर्स की 3 दिन, मोहित फार्मानिक की 5 दिन और वसंत मेडिकल एजेंसीज, हीरागंज की अनुज्ञप्तियां 5 दिन के लिए निलंबित की गई हैं।
निरीक्षण में क्रय-विक्रय बिल, विक्रय रजिस्टर, वैधानिक अभिलेख, दवाओं के रखरखाव और शेड्यूल एच-एच1 औषधियों से संबंधित रिकॉर्ड में नियमों के अनुरूप संधारण नहीं मिला था। संबंधित संचालकों को नोटिस देकर जवाब मांगा गया, लेकिन जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने के बाद कार्रवाई की गई। निलंबन अवधि में इन प्रतिष्ठानों से दवाओं की बिक्री पूरी तरह बंद रहेगी। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि विशेष निगरानी वाली दवाओं की बिक्री और रिकॉर्ड में गड़बड़ी मिलने पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।







