श्रम कानूनों और जी राम जी योजना के खिलाफ कांग्रेस का हमला, उदित राज बोले- मजदूरों की सुरक्षा खत्म कर रही सरकार
Congress attacks labour laws and the G Ram Ji scheme, Udit Raj says the government is eroding workers' security

श्रम कानूनों और जी राम जी योजना के खिलाफ कांग्रेस का हमला, उदित राज बोले- मजदूरों की सुरक्षा खत्म कर रही सरकार
भोपाल यश भारत। राजधानी भोपाल में असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस द्वारा कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया जिसमें प्रदेशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। सम्मेलन में असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदित राज ने केंद्र सरकार की श्रम नीतियों और प्रस्तावित जी राम जी योजना पर तीखा हमला बोला। मीडिया से बातचीत करते हुए उदित राज ने कहा कि देशभर में श्रमिक मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन तेज हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में नोएडा और फरीदाबाद में हजारों मजदूर सड़कों पर उतरकर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने मजदूरों के हितों को लगातार कमजोर किया है। उदित राज ने कहा कि पहले मनरेगा जैसी योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराया जाता था लेकिन अब उसे कमजोर कर जी राम जी योजना लागू की जा रही है, जिससे ग्रामीण रोजगार पर असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि मनरेगा बचाओ अभियान मार्च तक चलाया गया लेकिन सरकार ने मजदूरों की मांगों को नजरअंदाज कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले लागू 29 श्रम कानूनों को समाप्त कर केवल चार लेबर कोड लागू कर दिए गए हैं, जिससे श्रमिकों की नौकरी की सुरक्षा खत्म हो गई है। अब अधिकतर मजदूरों को ठेके पर रखा जा रहा है और 10 से 12 हजार रुपये के वेतन में परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए उदित राज ने कहा कि एक ओर विदेश यात्राएं कम करने की बात कही जा रही है वहीं बड़े उद्योगपति विदेशों में निवेश कर रहे हैं जिससे भारत के बजाय दूसरे देशों में रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। उन्होंने बढ़ती पेट्रोल डीजल कीमतों को भी आम जनता और मजदूरों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बताया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में 1 जुलाई से लागू होने वाली जी राम जी योजना में मजदूरों की नौकरी स्थायी नहीं है और इसे वापस लेने के लिए आंदोलन जारी रहेगा।







