एक साथ तीन नाबालिग लापता, सूखा गांव में सनसनी — परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, माढ़ोताल थाना क्षेत्र से सामने आया मामला, पुलिस की कई टीमें तलाश में जुटीं

जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र के सूखा गांव से तीन नाबालिग बच्चों के एक साथ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना के बाद गांव में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार तीनों बच्चे कल दोपहर तक गांव में ही देखे गए थे, लेकिन इसके बाद अचानक उनका कोई पता नहीं चला। देर शाम तक जब बच्चे घर नहीं लौटे तो परिवार वालों ने अपने स्तर पर गांव, आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां तलाश शुरू की, लेकिन बच्चों का कहीं कोई सुराग नहीं मिला।
काफी खोजबीन के बाद परिजन माढ़ोताल थाने पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई। बताया जा रहा है कि लापता बच्चों की उम्र 12 से 17 वर्ष के बीच है। एक साथ तीन बच्चों के गायब होने की खबर फैलते ही गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस भी तुरंत सक्रिय हो गई है। माढ़ोताल थाना पुलिस ने विशेष टीम गठित कर बच्चों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस गांव और आसपास के क्षेत्रों में लगातार सर्चिंग कर रही है, वहीं बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और प्रमुख मार्गों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।
सूत्रों के मुताबिक पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि बच्चों की आखिरी लोकेशन का पता लगाया जा सके। साथ ही बच्चों के दोस्तों और परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं परिजन बच्चों की सकुशल वापसी की उम्मीद में पुलिस से लगातार मदद की गुहार लगा रहे हैं।







