देश

सूरत के टेक्सटाइल मार्केट में भीषण आग, कई दुकानें जलकर खाक

25 से अधिक दमकल गाड़ियां और 150 से ज्यादा कर्मियों ने संभाला मोर्चा

सूरत, एजेंसी। गुजरात के सूरत में देर रात सरोली इलाके स्थित श्याम संगिनी टेक्सटाइल मार्केट में भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते मार्केट की कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटों और घने धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था। राहत की बात रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है।

आग मार्केट की चौथी और पांचवीं मंजिल पर लगी थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 25 से अधिक गाड़ियां, टर्नटेबल हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म और करीब 150 दमकलकर्मी मौके पर पहुंच गए। आग काफी ऊंचाई पर होने के कारण इसे बुझाने में दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। आग पर काबू पाने के लिए तीन अलग-अलग गेटों से दमकल वाहनों को घटनास्थल तक भेजा गया।

सूरत नगर निगम के मुख्य अग्निशमन अधिकारी बसंत पारिख ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि फायर ब्रिगेड कंट्रोल रूम को रात करीब 12.50 बजे मार्केट में आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने के बाद अधिकारियों ने देखा कि चौथी और पांचवीं मंजिल पूरी तरह आग की लपटों से घिरी हुई थीं। घना धुआं होने के कारण अंदर की स्थिति स्पष्ट दिखाई नहीं दे रही थी। इसके बाद ब्रिगेड कॉल घोषित कर आसपास के क्षेत्रों से भी अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी के अनुसार, आग बुझाने के लिए करीब 20 से 22 फायर टेंडर, हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म और टर्नटेबल लैडर का इस्तेमाल किया गया। करीब 30 मीटर की ऊंचाई पर आग बुझाने का अभियान चलाया गया। दुकानों के शटर बंद होने के कारण दमकलकर्मियों को पहले ताले तोड़ने और कई जगह शटर काटने पड़े। इसके बाद अंदर पहुंचकर आग बुझाने का काम किया गया।

अधिकारी ने बताया कि श्याम संगिनी टेक्सटाइल मार्केट में सिंथेटिक सामग्री का कारोबार होता है। यहां मौजूद कपड़ा और अन्य ज्वलनशील सामग्री ने आग को तेजी से फैलने में मदद की। फोस्टा सूरत के चेयरमैन कैलाश हकीम और व्यापारी प्रमोद जैन के अनुसार, यह क्षेत्र पॉलिस्टर और पेट्रोकेमिकल आधारित टेक्सटाइल कारोबार का प्रमुख केंद्र है। दुकानों में बड़ी मात्रा में कपड़े और पार्सल का स्टॉक रखा होने के कारण आग तेजी से फैल गई और धुएं की मात्रा भी काफी अधिक रही।

व्यापारियों के अनुसार, मार्केट की छठी मंजिल की करीब 17 से 18 दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी हैं। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण का अभी पता नहीं चल सका है। व्यापारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत रात करीब 11 बजे मार्केट की मुख्य एमसीबी से बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती है। ऐसे में आग किस वजह से लगी, इसकी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

दमकल अधिकारियों के मुताबिक आग पर फिलहाल नियंत्रण पा लिया गया है, लेकिन पूरी तरह से कूलिंग ऑपरेशन पूरा होने में अभी तीन से चार घंटे का समय लग सकता है। दमकलकर्मी लगातार मौके पर मौजूद रहकर आग के दोबारा भड़कने की आशंका को देखते हुए प्रभावित हिस्सों की निगरानी कर रहे हैं। हादसे में हुए नुकसान का आकलन भी आग पूरी तरह बुझने और प्रभावित दुकानों की स्थिति स्पष्ट होने के बाद किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button