मॉब लिंचिंग की घटनाओं पर भड़के विधायक आतिफ अकील, पुलिस कमिश्नर को पत्र लिख दोषियों पर सख्त एक्शन की मांग की

मॉब लिंचिंग की घटनाओं पर भड़के विधायक आतिफ अकील, पुलिस कमिश्नर को पत्र लिख दोषियों पर सख्त एक्शन की मांग की
भोपाल, यशभारत। राजधानी में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले असामाजिक तत्वों और मॉब लिंचिंग की बढ़ती घटनाओं को लेकर भोपाल उत्तर के विधायक आतिफ आरिफ अकील ने कड़ा रुख अपनाया है। विधायक ने पुलिस कमिश्नर को पत्र सौंपकर स्पष्ट चेतावनी दी है कि शहर के सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने वाली ताकतों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस की मौजूदगी पर उठाए सवाल
विधायक अकील ने गोविंदपुरा क्षेत्र के गौतम नगर में हुई हालिया घटना का हवाला देते हुए पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि पुलिस की मौजूदगी में एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की गई और उसे अपमानित किया गया, लेकिन प्रशासन मूकदर्शक बना रहा। विधायक ने आरोप लगाया कि समय पर ठोस कार्रवाई न होने के कारण ही अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं।
धार्मिक भावनाओं को भड़काने की साजिश
पत्र में उल्लेख किया गया है कि कुछ असामाजिक तत्व छोटी घटनाओं को धार्मिक रंग देकर मॉब लिंचिंग जैसी अमानवीय घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। विधायक ने कहा, किसी को भी कानून हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। अगर कोई अपराधी है तो उसे सजा देने का काम अदालत का है, सड़क पर खड़ी भीड़ का नहीं। जो लोग धार्मिक भावनाओं को भड़काकर माहौल बिगाड़ रहे हैं, पुलिस उनके खिलाफ तत्काल दंडात्मक कार्रवाई करे।
निष्पक्ष जांच की मांग
विधायक आतिफ आरिफ अकील ने पुलिस आयुक्त से मांग की है कि हाल के दिनों में घटित ऐसी सभी घटनाओं की निष्पक्ष और पूरी जांच कराई जाए। उन्होंने जोर दिया कि दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और जनता का न्याय व्यवस्था पर भरोसा बना रहे।







