महिला की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने वाला आरोपी गिरफ्तार
जबलपुर, यश भारत

महिला की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने वाला आरोपी गिरफ्तार
जबलपुर, यश भारत। घमापुर थाना क्षेत्र में बीते दिनों महिला की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वारदात के बाद फरार हो गया था, जिसकी लोकेशन बरेला क्षेत्र में मिलने पर क्राइम ब्रांच और घमापुर थाना police ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी कंस्ट्रक्शन साइट पर सुपरवाइजर का काम करता है और उसका अब तक कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। प्रारंभिक पूछताछ में यह बात भी सामने आई है कि आरोपी महिला के साथ संबंध बनाने का प्रयास कर रहा था। इसी बीच विवाद बढ़ने पर उसने महिला की हत्या कर दी और मामले को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को फांसी पर लटका दिया।
बताया जा रहा है कि घटना के समय आरोपी का परिवार छिंदवाड़ा गया हुआ था, जिसका फायदा उठाकर उसने इस वारदात को अकेले अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद हत्या के कारणों और घटनाक्रम को लेकर और स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।







