ठेका दिलाने के नाम पर 36 लाख 30 हजार की धोखाधड़ी, व्यापार में निवेश का दिया झांसा, आरोपी को एनकेजे पुलिस ने किया गिरफ्तार

कटनी, यशभारत। अपने आपको रेलवे कांट्रेक्टर बताकर रेलवे का ठेका दिलाने के नाम पर 36 लाख 30 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को एनकेजे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एनकेजे थाना प्रभारी रूपेन्द्र राजपूत ने बताया कि दुर्गाचौक निवासी देवकीनंदन परौहा पिता तुलसीराम परौहा के साथ पन्ना निवासी तुलसी राम साहू उर्फ बोका साहू द्वारा 36 लाख 30 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई। अपने आपको रेलवे का कान्ट्रेक्टर बताकर ग्राम सकारिया जिला पन्ना मे रेलवे का ठेका दिलाने का झांसा दिया गया। देवकीनंदन परौहा आरोपी के झांसे में आ गया, जिसके बाद आरोपी द्वारा छल कपट पूर्वक कूटरचना कर 36 लाख 30 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई। आरोपी के विरूद्ध धारा 318 (4)बीएनएस के तहत एनकेजे थाने में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। थाना प्रभारी श्री राजपूत ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा द्वारा वित्तीय अपराधों को रोकने एवं संपत्ति बरामदगी के संबंध में निर्देश दिए गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा उक्त आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तारी के निर्देश प्राप्त हुए है। के विवेचना दौरान सायबर सेल कटनी से उक्त आरोपी के साइबर सेल की सहायता से थाना शाहनगर जिला पन्ना के पास से घेराबंदी कर अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई जो घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी द्वारा ली गयी राशि 36 लाख 30 हजार रुपये को जप्त किया गया है। घटना को अंजाम देते समय आरोपी द्वारा उपयोग की गई टोयोटा फॉच्र्यूनर को भी जप्त किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार करते हुए विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय कटनी पेश किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी रुपेन्द्र राजपूत, एसआई नरेश झारिया, एसआई मनोज कोडापे, प्रधान आरक्षक आरिफ हुसैन, शैलेष दमोहिया, अर्पित पटेल, थाना रंगनाथनगर से थाना प्रभारी अरुणपाल सिंह, प्रधान आरक्षक लालजी यादव, आरक्षक वीरेन्द्र दहायत तथा सायबर सेल टीम से अजय शंकर साकेत, अमित श्रीपाल, सतेन्द्र राजपूत, शुभम गौतम, चंदन प्रजापति की सराहनीय भूमिका रही।







