पुलिस आयुक्त ने विकास नगर में किया जनसंवाद

पुलिस आयुक्त ने विकास नगर में किया जनसंवाद
सुरक्षा और बच्चों के भविष्य को लेकर नागरिकों ने जताई चिंता
भोपाल, यशभारत। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और जनता के बीच पुलिस का विश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने विकास नगर, थाना गोविंदपुरा क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों के साथ जनसंवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और उनके त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया।
चोरी की अनसुलझी घटना पर नाराजगी
संवाद के दौरान नागरिकों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए बताया कि पिछले वर्ष 7 दिसंबर को क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी वारदात हुई थी। घटना के महीनों बीत जाने के बाद भी पुलिस अब तक आरोपियों का सुराग लगाने और उन्हें गिरफ्तार करने में विफल रही है। स्थानीय निवासियों ने आयुक्त से मांग की कि इस मामले में विशेष टीम गठित कर आरोपियों की जल्द धरपकड़ की जाए ताकि क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल खत्म हो सके।
बचपन पर जुए का साया
जनसंवाद में एक और गंभीर सामाजिक मुद्दा उभर कर सामने आया। नागरिकों ने आयुक्त को अवगत कराया कि क्षेत्र के छोटे बच्चे खुलेआम जुआ खेलते नजर आ रहे हैं। इस कुरीति के कारण न केवल बच्चों का भविष्य अंधकार में जा रहा है, बल्कि इससे क्षेत्र में अपराध की नींव भी पड़ रही है। लोगों ने मांग की कि ऐसे स्थानों पर पुलिस की सख्त निगरानी और गश्त बढ़ाई जाए जहाँ इस तरह की गतिविधियां संचालित हो रही हैं।
आयुक्त ने दिया कार्रवाई का भरोसा
नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने गोविंदपुरा थाना पुलिस को निर्देश दिए कि चोरी के पुराने मामलों की फाइलें दोबारा खोलकर जांच तेज की जाए। साथ ही, उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों को जुए जैसी बुराइयों में धकेलने वाले असामाजिक तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल दें।







