आज से स्वास्थ्य विभाग में 12 सौ पदों पर भर्ती शुरू, 6 महीने में होंगी 3 हजार नियुक्तियां

आज से स्वास्थ्य विभाग में 12 सौ पदों पर भर्ती शुरू, 6 महीने में होंगी 3 हजार नियुक्तियां
भोपाल, यशभारत। मध्यप्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का सुनहरा अवसर सामने आया है। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने स्वास्थ्य विभाग में ‘अस्पताल सहायक’ के 1200 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया आज, 7 मई से शुरू हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 21 मई 2026 तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकेंगे।
पदों का आरक्षण और श्रेणीवार वितरण
भर्ती में कुल 1200 पदों को अलग-अलग श्रेणियों में बांटा गया है। इसमें अनारक्षित वर्ग के लिए 324, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 324, अनुसूचित जनजाति के लिए 240, अनुसूचित जाति के लिए 192 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 120 पद सुरक्षित रखे गए हैं। इसके अलावा दिव्यांगों के लिए 72 पद आरक्षित हैं। नियमों के तहत महिलाओं, भूतपूर्व सैनिकों और संविदाकर्मियों को भी विशेष आरक्षण का लाभ दिया जाएगा।
वेतन और पदोन्नति के अवसर
चयनित उम्मीदवारों को सातवें वेतनमान के अनुसार लेवल-1 की सैलरी मिलेगी, जो 15 हजार 5 सौ से 49 हजार रुपये के बीच होगी। यह सभी पद नियमित हैं, जिसका अर्थ है कि कर्मचारियों को राज्य सरकार के नियमानुसार महंगाई भत्ता और अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी। साथ ही, सेवा अवधि बढ़ने पर पदोन्नति के भी बेहतर अवसर मिलेंगे।
आयु सीमा में भारी छूट
सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम उम्र 18 और अधिकतम 40 वर्ष निर्धारित है। हालांकि, अनुसूचित जाति, जनजाति, ओबीसी, महिला उम्मीदवारों और सरकारी संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों को अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष की छूट दी गई है, यानी वे 45 वर्ष की उम्र तक आवेदन कर सकते हैं। आयु की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर होगी।
चयन प्रक्रिया और शुल्क
सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 5 सौ रुपये, जबकि आरक्षित वर्ग के लिए 250 रुपये तय किया गया है। चयन का मुख्य आधार लिखित परीक्षा होगी, जो 24 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो शिफ्ट में होगी पहली सुबह 10 से 12 और दूसरी दोपहर 3 से 5 बजे तक।
आने वाले 6 महीनों का कैलेंडर जारी
एमपीईएसबी ने साल 2026 का परीक्षा शेड्यूल भी फाइनल कर दिया है। इसके तहत अगले 6 महीनों में सब-इंजीनियर, सहायक ग्रेड-3, स्टाफ नर्स और पुलिस आरक्षक सहित कुल 3 हजार से अधिक पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। साथ ही जुलाई और अगस्त में शिक्षक पात्रता परीक्षाएं भी आयोजित होंगी।







