पत्नी गई मायके, पति ने लगा ली फांसी, बंद कमरे में फंदे पर लटका मिला युवक का शव

कटनी, यशभारत। कुठला थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम चाका में एक 25 वर्षीय युवक ने अपने ही घर में अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हडक़म्प मच गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम चाका निवासी 25 वर्षीय रंजीत चौधरी पिता हरिप्रसाद चौधरी रोज की तरह बीती रात भी परिजनों के साथ भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। परिजनों ने बताया कि सुबह जब काफी देर तक रंजीत के कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। जब कमरे के भीतर जाकर देखा गया तो रंजीत का शव छत के पंखे से लगे फंदे पर लटका हुआ था। यह दृश्य देखते ही घर में चीख-पुकार मच गई। मृतक के पिता हरिप्रसाद चौधरी ने बताया कि रंजीत की पत्नी पिछले कुछ दिनों से अपने मायके गई थी। घटना के वक्त रंजीत कमरे में अकेला था। आत्महत्या का ठोस कारण फिलहाल सामने नहीं आ पाया है, जिससे परिजन भी गहरे सदमे और असमंजस में हैं। सूचना मिलते ही कुठला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतरवाकर अपने कब्जे में लिया और पंचनामा की कार्यवाही पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल रवाना किया गया। कुठला थाना प्रभारी राजेन्द्र मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। घटना के पीछे की असल वजह जानने के लिए हर संभव पहलू और पारिवारिक परिस्थितियों की बारीकी से जांच की जा रही है।






