NH-44 पर 5 लाख की लूट का खुलासा, केरल से तीन आरोपी गिरफ्तार : 150 CCTV फुटेज खंगालकर पुलिस पहुंची त्रिशूर, मास्टरमाइंड समेत अन्य आरोपी अब भी फरार…. देखें पूरा वीडियो

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के लखनादौन थाना क्षेत्र में NH-44 पर वाहन रोककर पांच लाख रुपए की लूट के मामले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के तीन आरोपियों को केरल के त्रिशूर से गिरफ्तार किया है।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि वारदात को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया था। मामले का कथित मास्टरमाइंड सलीश के.वी. बताया जा रहा है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। लूट की रकम और वारदात में इस्तेमाल दोनों वाहन भी अभी बरामद नहीं हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक कृष्ण लाल चंदानी ने शनिवार शाम 6 बजे बताया कि 31 अगस्त की रात करीब 11:58 बजे मड़ई टोल पार करने के बाद जबलपुर से मुंबई जा रही क्रेटा कार को इनोवा कार ने NH-44 पर रास्ता रोककर घेर लिया। कार सवार आरोपियों ने लोहे के पाइप से क्रेटा के कांच तोड़ दिए। हमलावरों से बचने के लिए चालक ने वाहन पीछे मोड़ने का प्रयास किया, तभी आगे खड़ी पीले रंग की नंबर प्लेट वाली वैगनआर ने क्रेटा को टक्कर मार दी। भयभीत होकर कार सवार सगताराम और जेठाराम वाहन छोड़कर भाग गए। कुछ देर बाद लौटने पर कार में रखा पांच लाख रुपए का बैग गायब मिला।
घटना की रिपोर्ट 4 सितंबर को दर्ज होने के बाद पुलिस ने आसपास के मार्गों और टोल क्षेत्र के करीब 150 CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस को आरोपियों के केरल कनेक्शन का पता चला। इसके बाद विशेष टीम केरल भेजी गई, जहां त्रिशूर जिले से प्रवीण प्रकाशन, जिजो के.जे. और अरुण पी.सी. को पकड़ा गया। ट्रांजिट रिमांड पर तीनों को लखनादौन लाकर पूछताछ की गई।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया है। गिरफ्तार आरोपियों का केरल के विभिन्न थानों में पहले से आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। इनमें मारपीट, हथियार अधिनियम, धमकी, तोड़फोड़ और अन्य धाराओं के मामले दर्ज हैं।
पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, कथित मास्टरमाइंड सलीश के.वी., पांच लाख रुपए और वारदात में प्रयुक्त इनोवा क्रमांक MH04 CJ 8534 तथा वैगनआर क्रमांक KL64N9241 की तलाश कर रही है। मामले में लखनादौन पुलिस के साथ साइबर सेल और जिले के अन्य थानों की टीमों ने भी जांच में भूमिका निभाई।






