चार्जिंग में लगे मोबाइल को निकालते लगा करंट, 4 वर्षीय मासूम बालक की मौत, परिवार में पसरा मातम

कटनी/पवई, यशभारत। ग्राम पंचायत हड़ा के ग्राम हड़ा में विगत दिवस सुबह करीब 9 बजे दर्दनाक हादसा हो गया। सुनपुरा गांव निवासी बृजभान सिंह यादव का चार वर्षीय पुत्र तानसू यादव अपनी मां के साथ अपनी मां के मामा हड़ा हुकम सिंह के यहां आया हुआ था। इसी दौरान चार्जिंग में लगे मोबाइल को निकालते समय मासूम करंट की चपेट में आ गया। परिजनों के अनुसार मोबाइल चार्जिंग पर लगा हुआ था और बच्चा मोबाइल निकालने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसे करंट लग गया। हादसे के बाद मां के मामा हुकम सिंह और अन्य ग्रामीण तत्काल बच्चे को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में चीख.पुकार मच गई। चार वर्षीय मासूम की अचानक मौत से परिवार में मातम छा गया। घटना की सूचना पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की। डॉक्टरो द्वारा पोस्टमार्टम किए जाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे के बाद पूरे गांव में भी शोक का माहौल है।
बिजली करंट लगने से युवक की मौत सडक़ दुर्घटना में घायल ने तोड़ा दम
बरही थाना क्षेत्र के ग्राम करौंदी खुर्द में 11 सितंबर की रात 09.30 बजे बिजली का करंट लगने से शंभू केवट 25 वर्ष पिता स्व बाबूलाल केवट की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मृतक के बड़े भाई शंकर केवट ने पुलिस को दी। बरही पुलिस ने मर्ग दर्ज कर पंचनामा कार्रवाई की है। इसी तरह रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र के गड्ढा टोला निवासी फूलचंद कोल पिता जेठू लाल कोल की जिला अस्पताल कटनी में उपचार के दौरान मौत हो गई। अस्पताल से मिली सूचना पर रंगनाथ नगर पुलिस ने मर्ग कायम कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। रीठी तहसील के ग्राम बडख़ेरा निवासी राजेश 32 वर्ष पिता सुखलाल 29 अगस्त की शाम सडक़ दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए जबलपुर के मेडिजोन अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां 11 सितंबर को उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल प्रबंधन और पुलिस आरक्षक की सूचना पर कुठला पुलिस ने मर्ग दर्ज किया है।
युवक ने खाया जहर, जिला अस्पताल में मौत
कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत बस स्टैंड निवासी विष्णु कुमार जायसवाल 27 वर्ष पिता रामसिया जायसवाल को जहर खाने के गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 11 सितंबर की दोपहर उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। अस्पताल से मिली सूचना पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की है। इसी तरह कुठला थाना क्षेत्र के अंतर्गत पन्ना मोड़ गली नंबर 6 साईं मंदिर के पीछे स्थित मनीष गुप्ता के मकान में आशीष खरे 48 वर्ष का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया। मृतक मूलत: पन्ना के धाम मोहल्लाा के निवासी थे। घटना की सूचना डॉ. मनीषा खरे द्वारा दिए जाने पर कुठला पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मौत का कारण फिलहाल अज्ञात है।







