कटनी

किसान के बैंक खाते में ठग ने लगाई सेंध, बैंक खाते से किया एक लाख 88 हजार का ऑनलाइन ट्रांजेक्शन, कुठला पुलिस ने दर्ज किया मामला

कटनी, यशभारत। कुठला थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कछगवां में एक युवक के बैंक खाते से उसकी बिना अनुमति और जानकारी के 1 लाख 88 हजार की रकम पार हो गई। शातिर ठग ने यूपीआई ट्रांजैक्शन के माध्यम से ऑनलाइन ठगी की। शिकायत पर कुठला पुलिस ने मामला दर्ज कर सायबर सेल की मदद से जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कछगवां निवासी अंकित राय पिता परमानंद राय का कुठला क्षेत्र में स्थित एक बैंक में खाता है। अंकित ने पुलिस को बताया कि 12-13 मई को उसके मोबाइल पर अचानक पैसे कटने के मैसेज आए, जिसे देखकर उनके होश उड़ गए। किसी अज्ञात शातिर हैकर या ठग ने उनके खाते में सेंध लगाते हुए बिना किसी सहमति और बिना किसी ओटीपी शेयरिंग के कुल 1 लाख 88 हजार की राशि अन्य खातों में ट्रांसफर कर ली। ठगों ने इस राशि को दो अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर किया। शातिर ठग ने पीडि़त के खाते से पहले 90 हजार रूपए उड़ाए। यह राशि कुलदीप नामक व्यक्ति के एचडीएफसी बैंक खाते में ट्रांसफर की गई। इसके बाद 13 मई को 98 हजार की रकम पर हाथ साफ किया गया। यह राशि विशाल पी नामक खाते में ट्रांसफर की गई। अंकित को जब धोखाधड़ी का अहसास हुआ, तब उसने बैंक से संपर्क कर खाते को ब्लाक कराया और कुठला थाने में शिकायत दर्ज कराई। कुठला पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button