19 सितंबर को इंदौर में राहुल गांधी की ‘छात्रों की गूंज’ रैली: सागर कांग्रेस ने चलाया पंजीयन अभियान, QR कोड से जोड़े जा रहे छात्र

सागर, यशभारत – आगामी 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित होने वाले विशाल ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) सागर ने कमर कस ली है। कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होकर देश और प्रदेश के युवाओं को संबोधित करेंगे।
इसी कड़ी में जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मोहासा, संगठन महासचिव आशीष ज्योतिषी, कोषाध्यक्ष अखिलेश मौनी केशरवानी, शैलेंद्र तोमर और मीडिया प्रभारी अभिषेक गौर के नेतृत्व में जिले भर में विशेष पंजीयन अभियान चलाया गया। अभियान के तहत कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्थानीय छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें कार्यक्रम के उद्देश्यों की जानकारी दी और क्यूआर (QR) कोड के माध्यम से त्वरित पंजीयन कराया।
युवाओं की आवाज बुलंद करेगा इंदौर का मंच: भूपेंद्र सिंह
अभियान के दौरान जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मोहासा ने कहा कि सागर जिले से अधिकतम संख्या में छात्रों की भागीदारी सुनिश्चित करना ही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। युवाओं की सक्रिय उपस्थिति से छात्रों के अधिकारों की लड़ाई को मजबूती मिलेगी।
संगठन महासचिव आशीष ज्योतिषी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि वे जमीनी स्तर पर जाकर हर छात्र तक पहुंचे और क्यूआर कोड के जरिए उनका रजिस्ट्रेशन कराएं। वहीं, कोषाध्यक्ष अखिलेश मौनी केशरवानी ने कहा कि छात्रों की समस्याओं और उनकी आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने के लिए सागर जिले का इंदौर में प्रभावी प्रतिनिधित्व होना बेहद आवश्यक है।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, इंदौर आयोजन तक यह पंजीयन अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि सागर जिले के हर कोने से छात्र इस रैली में शामिल हो सकें। इस दौरान जिला सचिव प्रियंका पाण्डेय, चक्रेश रोहित, आनंद अहिरवार सहित अनेक कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने छात्रों से संपर्क साधकर पंजीयन कराया। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी अभिषेक गौर द्वारा प्रदान की गई।







