कटनी

कटनी में शुरू हुई केंसर मुक्त भारत के खिलाफ जंग, जिला पंचायत उपाध्यक्ष के प्रयासों से कटनी आई शेल्बी हॉस्पिटल की टीम, 16 मई को अस्पताल में जांच शिविर

 

कटनी। केंसर मुक्त भारत बनाने की दिशा में चलाई जा रही मुहिम में कटनी जिला भी शामिल हो गया है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा के प्रयासों से शेल्बी मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल जबलपुर ने कटनी जिले को केंसर मुक्त बनाने के लिए अभियान की शुरूआत की है। इसी के तहत आज शनिवार को शेल्बी मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल जबलपुर की टीम ने कटनी पहुंचकर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को केंसर की रोकथाम के लिए प्रशिक्षित किया। जिला पंचायत कटनी के सभागार में तीन चरणों में आयोजित किये गए प्रशिक्षण शिविर में करीब 350 महिला स्वास्थ्य कर्मचारियों को ट्रेनिंग दी गई। इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ राज सिंह ठाकुर, शेल्बी हॉस्पिटल जबलपुर के सीईओ डॉ अंकित जैन, केंसर स्पेस्लिस्ट डॉ प्रशांत जैन, डॉ संजय जैन, मैनेजर संजय शर्मा सहित अन्य डॉक्टरों ने केंसर को लेकर जानकारियों से अवगत कराया।
केंसर को जड़ से उखाडऩे की मुहिम : अशोक विश्वकर्मा
शिविर में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा ने कहा कि केंसर सहित अन्य गंभीर किस्म की बीमारियों को लेकर अभी भी लोगों में जागरूकता का अभाव है। कईयों बार लोगों को बीमारी के बारे में उस समय पता चलता है, जब हाथ में कुछ नही रहता। ऐसी स्थिति में मरीज की जिंदगी को बचाया नहीं जा सकता। श्री विश्वकर्मा ने शेल्बी हॉस्पिटल की टीम में शामिल सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शेल्बी हॉस्पिटल के माध्यम से कटनी जिले में केंसर मरीजों को इसका फायदा मिलेगा। केंसर जैसी घातक बीमारी के खिलाफ यह मुहिम वरदान का काम करेगी। केंसर को भारतमुक्त बनाने की दिशा में यह कदम मील का पत्थर साबित होगा। श्री विश्वकर्मा ने स्वास्थ्य विभाग की महिला कर्मचारियों से कहा कि अब आपकी जिम्मेदारी बढ़ गई है। आपको इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के बाद अधिक से अधिक लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए काम करना होगा।
मरीजों का होगा नि:शुल्क इलाज
शेल्बी हॉस्पिटल के सीईओ डॉ अंकित जैन ने कहा कि कटनी जिले में यदि केंसर के खिलाफ जंग शुरू की जा रही है, तो इसका श्रेय जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा को जाता है। उन्हीं के प्रयासों से आज यह प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया है। उन्होंने बताया कि श्री विश्वकर्मा से जब मुलाकात हुई तो उन्होंने कटनी में भी मरीजों के लिए केंसर जागरूकता के लिए अभियान शुरू करने और ग्रसित मरीजों को लाभान्वित करने का निवेदन किया। उन्हीं के आग्रह पर कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देशन में कटनी जिले में भी केन्सर मुक्त भारत अभियान शुरू किया जा रहा है। डॉ अंकित जैन ने कहा कि प्रत्येक महिला कर्मचारी का यह दायित्व है कि वो कम से कम 5 लोगों को चिन्हित करते हुए जांच शिविर में लाए, जिसके लिए उन्हें सम्मानित भी किया जाएगा। केन्सर स्पेशलिस्ट डॉ प्रशान्त जैन ने शिविर के दौरान स्वास्थ्य कर्मचारियों को केन्सर बीमारी को लेकर कई तरह की भ्रांतियों को दूर किया। उन्होंने बताया कि यदि समय पर केन्सर के बारे में पता चल जाता है तो मरीज की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने बताया कि केन्सर तीन प्रकार के होते हैं।
मानव कल्याण की दिशा में सराहनीय पहल : सीएमएचओ
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राज सिंह ठाकुर ने कहा कि मानव कल्याण की दिशा में शेल्बी हॉस्पिटल द्वारा सराहनीय पहल की गई है। कटनी जिले के लोगों को इसका फायदा मिलेगा। इस पहल का श्रेय जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा को जाता है। चिन्हित मरीजों का इलाज नि:शुल्क किया जाएगा।आयुष्मान कार्ड के माध्यम से मरीजों को लाभान्वित किया जाएगा। शिविर समापन के उपरांत शेल्बी मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल जबलपुर अतिथियों को स्मृतिचिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button