घटिया निर्माण पर मंत्री सारंग का सख्त रुख, निरीक्षण में खुली लापरवाही गौतम नगर में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर जताई नाराजगी, जिम्मेदार अधिकारियों को लगाई फटकार

घटिया निर्माण पर मंत्री सारंग का सख्त रुख, निरीक्षण में खुली लापरवाही
गौतम नगर में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर जताई नाराजगी, जिम्मेदार अधिकारियों को लगाई फटकार
भोपाल यश भारत। निर्माण कार्यों में लापरवाही सामने आने पर नगरीय विकास मंत्री विश्वास कैलाश सारंग का गुस्सा फूट पड़ा। बुधवार को वार्ड क्रमांक 58 स्थित गौतम नगर में चल रहे निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण करने पहुंचे मंत्री ने मौके पर ही गुणवत्ता में खामियां पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों की जमकर क्लास लगा दी। निरीक्षण के दौरान मंत्री सारंग ने नगर निगम के सब इंजीनियर को कड़ी फटकार लगाते हुए कार्यों में बरती जा रही लापरवाही पर नाराजगी जताई। वहीं प्रभारी उपयंत्री नितिन खरे को भी सख्त शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ही किए जाएं। उन्होंने कहा कि जनता के पैसों से हो रहे कार्यों में घटिया सामग्री या लापरवाही किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं होगी। मौके पर ही अधिकारियों को सुधार के निर्देश देते हुए मंत्री सारंग ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस तरह की शिकायतें सामने आईं, तो संबंधित जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दो टूक कहा कि निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है इसमें किसी भी तरह की ढिलाई नहीं चलेगी।







