दावों की हकीकत, नहीं मिली सिटी बस, योजना के क्रियान्वयन में अफसरों की लापरवाही, टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी तारीख पर तारीख

कटनी, यशभारत। वादों और दावों के बाद भी हकीकत यह है कि कटनी को अब तक सिटी बस की सेवा का लाभ नहीं मिल सका है। नगर निगम के जिन अधिकारियों को योजना के क्रियान्वयन का दायित्व सौंपा गया है, उनकी लापरवाही का ही परिणाम है कि अब तक सिटी बस योजना मूर्त रूप नहीं ले सकी है। टेंडर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी शहर के लोगों को तारीख पर तारीख ही मिली है। अब जून से इस सेवा के संचालन की उम्मीद जताई गई है। जानकारी के मुताबिक दीनदयाल सिटी बस योजना के तहत शहर में चार इलेक्ट्रिक बसों का संचालन होना है, जिसमें दो बसें कटनी से जबलपुर और दो बसें कटनी से रीवा मार्ग पर चलनी थीं। इसके लिए योलो बस सर्विस दिल्ली को टेंडर दिया गया है। 19 फरवरी को टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई और 24 जुलाई को राज्य स्तरीय तकनीकी समिति एसएलटीसी से स्वीकृति भी मिल गई। टेंडर हुए एक साल से भी अधिक का वक्त बीत गया, लेकिन अबतक बसों का संचालन शुरू नहीं हो पाया।
कंपनी ने जमा नहीं की 18 लाख रुपए परफार्मेंस गारंटी
अधिकारियों ने बताया कि बस संचालन करने वाली कंपनी से 18 लाख रुपए परफार्मेंस गारंटी राशि के रूप में जमा कराए जाने हैं, इसके बाद परियोजना पर आगे कार्रवाई होनी है लेकिन अब तक प्रक्रिया पूरी नहीं होने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया जाता है कि योजना में करीब 6 करोड़ रुपए खर्च होने हैं। प्रत्येक इलेक्ट्रिक बस की लागत लगभग 1.50 करोड़ रुपए बताई गई है। साथ ही ऑपरेटर को प्रत्येक बस पर 40 प्रतिशत तक सब्सिडी भी दी जानी है।
झिंझरी में बस स्टेंड का निर्माण
बताया जाता है कि इलेक्ट्रिक बस संचालन के लिए झिंझरी में बस स्टेंड बनकर लगभग तैयार हो गया है। यहां चार्जिंग स्टेशन भी बनाया जा रहा है। इसके लिए 29 जुलाई को एलओआई यानी दर स्वीकृति भी जारी कर दी गई थी, लेकिन उसके बाद निर्माण कार्य ठंडे बस्ते में चला गया। चार्जिंग स्टेशन का निर्माण शुरू नहीं होने से पूरी परियोजना अटक गई है।
जल्द मिलेगी सौगात : महापौर
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने बताया कि शहर के नागरिकों को सिटी बस योजना का लाभ प्रदान करना प्राथमिकताओं में शामिल है। तकनीकी अड़चनों की वजह से प्रक्रिया पूरी करने में लेटलतीफी हुई है लेकिन प्रयास किए जा रहे हैं कि इस योजना को जल्द से जल्द मूर्त रूप दिया जा सके। चार इलेक्ट्रिक बसें चलाने के लिए टेंडर की प्रक्रिया हो गई है। चार्जिंग स्टेशन तैयार कराकर जून में बसों का संचालन शुरू कराया जाएगा।






