मायके से लौटी पत्नी ने देखा पति का शव, स्क्रैप कारोबारी ने फांसी लगाकर दी जान

मायके से लौटी पत्नी ने देखा पति का शव, स्क्रैप कारोबारी ने फांसी लगाकर दी जान
भोपाल, यश भारत । हबीबगंज थाना क्षेत्र के 12 नंबर मल्टी स्थित इंद्रा नगर में शनिवार रात 50 वर्षीय स्क्रैप कारोबारी ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान गोपाल कनाडे पिता फत्तु कनाडे के रूप में हुई है। घटना के समय वह घर में अकेले थे। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है।
पुलिस के मुताबिक गोपाल कनाडे स्क्रैप का कारोबार करते थे। परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा और एक बेटी हैं। शनिवार को उनकी पत्नी मायके गई थीं, जबकि दोनों बच्चे घर से बाहर थे। शाम करीब 7 बजे गोपाल ने खिड़की के सहारे रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
देर रात पत्नी मायके से लौटीं तो घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला। अंदर जाने पर गोपाल का शव फंदे पर लटका हुआ था। सूचना मिलने पर हबीबगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। रविवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है।







