एनकेजे पुलिस ने पकड़ी 7 पेटी अवैध शराब, झलवारा से हिरवारा शराब लेकर आ रहे थे तस्करों को पुलिस ने दबोचा

कटनी, यशभारत। एनकेजे पुलिस ने अवैध शराब के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 पेटी देशी प्लेन शराब जब्त करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी एनकेजे उपनिरीक्षक रुपेन्द्र राजपूत के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध महत्वपूर्ण कार्रवाई की गई।
थाना प्रभारी रूपेंद्र राजपूत ने बताया कि 1 जून को एनकेजे पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि दो युवक एक स्कूटी में अवैध शराब का परिवहन करते हुए झलवारा से हिरवारा की ओर आ रहे हैं। सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस टीम तत्काल मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंची। वहां बताए गए हुलिए की स्कूटी पर सवार दो युवकों को घेराबंदी कर पकड़ा गया।
तलाशी लेने पर स्कूटी के सामने पैरदान पर 4 तथा पिछली सीट पर 3 खाकी रंग के कार्टून रखे मिले। कार्टून खोलकर जांच करने पर उनमें देशी प्लेन मशाला शराब पाई गई। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम सतीष चौधरी पिता सोहन लाल चौधरी 27 वर्ष एवं विकाश चौधरी पिता मोहन लाल चौधरी उम्र 27 वर्ष निवासी झर्रा टिकुरिया होना बताया।
आरोपी शराब परिवहन संबंध कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिस पर पुलिस द्वारा कुल 7 कार्टून में भरी 63 लीटर अवैध देशी प्लेन मशाला शराब, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 30 हजार रुपये है विधिवत जब्त की गई। साथ ही परिवहन में प्रयुक्त टीवीएस जुपिटर स्कूटी भी जब्त की गई।
दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर पूछताछ के उपरांत माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला जेल कटनी भेज दिया गया। पुलिस ने 63 लीटर अवैध देशी प्लेन मशाला शराब 7 कार्टून अनुमानित कीमत 30 हजार रुपये आंकी गई है।
कटनी पुलिस द्वारा अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी है तथा इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






