श्री चित्रगुप्त मंदिर जीर्णोद्धार हेतु भूमि पूजन शाम को निकलेगी भव्य शोभायात्रा


श्री चित्रगुप्त मंदिर जीर्णोद्धार हेतु भूमि पूजन शाम को निकलेगी भव्य शोभायात्रा

दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर से प्रारंभ होगी शोभायात्रा, सुभाष चौक, झंडा बाजार एवं आजाद चौक होते हुए श्री राम जानकी चित्रगुप्त मंदिर तक पहुंचेगी
कटनी | यशभारत
अखिल ब्रह्मांड के समस्त चर-अचर प्राणियों का लेखा-जोखा रखने वाले कायस्थों के आराध्य देव भगवान चित्रगुप्त जी का प्रगटोत्सव शुक्ल पक्ष बैसाख की गंगा सप्तमी को मनाया जाता है। उनके अनुयायी इस पावन दिवस को भगवान चित्रगुप्त जी के जन्मदिवस के रूप में श्रद्धा एवं आस्था के साथ मनाते हैं। इसी क्रम में कटनी के समस्त कायस्थ समाजजनों द्वारा विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है, जो समाज में नई ऊर्जा और सकारात्मक संदेश का संचार कर रहे हैं।
कार्यक्रमों को लेकर समाजजनों में विशेष उत्साह का माहौल है तथा व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं।
कायस्थ सभा के अध्यक्ष अनादि निगम ने जानकारी देते हुए बताया कि इसी धार्मिक आयोजन के अंतर्गत श्री चित्रगुप्त मंदिर जीर्णोद्धार हेतु भूमि पूजन कार्यक्रम विधिवत रूप से सम्पन्न किया गया।
सुबह 11 बजे मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भूमि पूजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं समाजजन उपस्थित रहे। धार्मिक विधि-विधान के साथ मंदिर जीर्णोद्धार कार्य का शुभारंभ किया गया, जिससे पूरे वातावरण में आस्था और उत्साह का भाव देखने को मिला।
आयोजकों ने बताया कि मंदिर जीर्णोद्धार का उद्देश्य धार्मिक स्थल को अधिक भव्य, सुव्यवस्थित एवं सुविधायुक्त स्वरूप प्रदान करना है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी रह सकें।
शाम को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
इसी क्रम में आज शाम 4 बजे भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। शोभायात्रा श्री दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर सुभाष चौक, झंडा बाजार एवं आजाद चौक होते हुए श्री राम जानकी चित्रगुप्त मंदिर तक पहुंचेगी। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किए जाने की तैयारियां की गई हैं।
शोभायात्रा के समापन पर मंदिर परिसर में भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा, जिसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया जाएगा।
आयोजक मंडल ने समस्त कायस्थ बंधुओं एवं समाजजनों से सपरिवार अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस धार्मिक एवं ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने की भावपूर्ण अपील की है।







