महिला आरक्षण को लेकर कांग्रेस 24 अप्रैल को भोपाल में निकलेगी विशाल पदयात्रा

महिला आरक्षण को लेकर कांग्रेस 24 अप्रैल को भोपाल में निकलेगी विशाल पदयात्रा
भोपाल,यशभारत। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश की महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिलाने की मांग और भाजपा सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशानुसार, आगामी 24 अप्रैल को राजधानी भोपाल में एक बड़ा शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकाला जाएगा।
भाजपा पर लगाया राजनीतिक छल का आरोप
कांग्रेस कमेटी के संगठन प्रभारी महासचिव डॉ. संजय कामले द्वारा जारी इस आधिकारिक पत्र में भाजपा सरकार पर कड़ा प्रहार किया गया है। पत्र के अनुसार, साल 2023 में संसद में महिला आरक्षण बिल पारित होने के बावजूद अब तक इसे लागू न करना देश की आधी आबादी के साथ ‘धोखा’ है। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा ने इस गंभीर विषय को मात्र एक चुनावी हथकंडा बना लिया है और परिसीमन की आड़ में इसे जानबूझकर लटकाया जा रहा है।
ये रहेगा मार्च का रूट
यह पैदल मार्च 24 अप्रैल को दोपहर 04:00 बजे प्लेटिनम प्लाजा से शुरू होगा। इसके बाद मार्च माता मंदिर, तीन शेड/टॉप एंड टाउन होते हुए रोशनपुरा चौराहा पर समाप्त होगा।
पार्टी की पूरी ताकत झोंकने की तैयारी
इस जनआंदोलन को सफल बनाने के लिए कांग्रेस ने अपने सभी दिग्गज नेताओं और कार्यकर्ताओं को मैदान में उतार दिया है। मार्च में शामिल होने के लिए निम्नलिखित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है:
समस्त जिला, शहर, ब्लॉक और मंडलम कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष।
वर्ष 2023 के विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनावों के प्रत्याशी।
सांसद, विधायक और मोर्चा संगठनों के पदाधिकारी।
पत्र में युवाओं और महिलाओं से अपील की गई है कि वे अपने अधिकारों की रक्षा के लिए इस मार्च में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। कांग्रेस का कहना है कि यह मार्च केवल एक विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि महिलाओं को उनका संवैधानिक अधिकार दिलाने के लिए एक निर्णायक जनआंदोलन है।







