भीषण गर्मी में भटक रहे मासूम को RTO उड़नदस्ता टीम ने परिवार से मिलाया
परिजनों की आंखें हुई नम

जबलपुर के नेशनल हाईवे-44 स्थित टिंसी ग्राम बरगी के पास बुधवार दोपहर मानवता की मिसाल देखने को मिली, जब भीषण गर्मी में भटक रहे एक मासूम बच्चे को संभागीय परिवहन उड़नदस्ता टीम ने सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया। बच्चे को परिवार से मिलते ही परिजनों की आंखें नम हो गईं और चेहरे पर खुशी साफ नजर आई।जानकारी के अनुसार लगभग 9 वर्षीय वंश पिता राजेंद्र टेकाम, निवासी नारायणपुर, जबलपुर अपनी मां की तलाश में घर से करीब 15 किलोमीटर दूर निकल आया था। तेज गर्मी के बीच बच्चा सड़क किनारे घबराई और परेशान हालत में भटकता मिला।इसी दौरान संभागीय परिवहन उड़नदस्ता प्रभारी विक्रम सिंह ठाकुर एवं उनके स्टाफ की नजर बच्चे पर पड़ी। टीम ने तुरंत संवेदनशीलता दिखाते हुए बच्चे को सुरक्षित अपने पास बैठाया और उसे पानी एवं भोजन उपलब्ध कराया। इसके बाद बच्चे से शांतिपूर्वक बातचीत कर उसके परिवार और घर की जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया।
बच्चे द्वारा दी गई सीमित जानकारी के आधार पर पत्रकारों और स्थानीय लोगों की मदद ली गई। सामूहिक प्रयासों के बाद बच्चे के परिजनों का पता लगाया गया और उसे सुरक्षित परिवार के सुपुर्द कर दिया गया।अपने बेटे को सुरक्षित देखकर परिवार भावुक हो उठा और उन्होंने संभागीय परिवहन उड़नदस्ता टीम एवं RTO स्टाफ का आभार व्यक्त किया। इस मानवीय कार्य की स्थानीय नागरिकों द्वारा भी सराहना की जा रही है।







