मध्य प्रदेशराज्य

युवक की निर्मम हत्या : 9 टुकड़ों में काटकर घर के सेप्टिक टैंक में डाला शव : कपड़े में लिपटे मिले बॉडी पार्ट्स, परिजन बोले- बड़े भाई ने हत्या कर शव छिपाया

Table of Contents

 मंडला , यशभारत। करियागांव में एक युवक की हत्या कर शव के 9 टुकड़े कर उन्हें घर के सेप्टिक टैंक में छिपाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। टैंक से कपड़े में लिपटे बॉडी पार्ट्स बरामद हुए हैं। परिजनों ने इस हत्याकांड में मृतक के बड़े भाई पर शक जताया है। पूरे मामले का खुलासा तब हुआ, जब घर के सेप्टिक टैंक से तेज बदबू आने लगी।

पिता मुन्नालाल साहू ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने टैंक खुलवाया तो अंदर कपड़े में लिपटे शव के कई हिस्से मिले। हालात देखकर मौके पर मौजूद लोग सन्न रह गए। बाद में परिजनों ने कपड़ों और अन्य पहचान के आधार पर शव की पहचान आशीष साहू के रूप में की। आशीष 11 अप्रैल से घर से गायब था। शुरुआती दिनों में परिवार ने अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 15 अप्रैल को अंजनिया चौकी में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। इसके बावजूद उसकी कोई जानकारी सामने नहीं आई। घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी शिवकुमार वर्मा मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस को आशंका है कि हत्या कहीं और कर शव के टुकड़े किए गए और पहचान छिपाने के लिए उन्हें सेप्टिक टैंक में डाल दिया गया। परिवार के शक के घेरे में बड़ा भाई जांच के दौरान शक परिवार के भीतर ही केंद्रित हो गया है। मृतक के बड़े भाई घनश्याम साहू पर परिजनों और स्थानीय लोगों ने संदेह जताया है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों के बीच पहले भी विवाद की स्थिति बनती रही थी। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2019 में परिवार में हुए विवाद के बाद दोनों भाइयों की मां घर छोड़कर चली गई थी और तब से वह लापता है। इस पारिवारिक पृष्ठभूमि को भी जांच के एंगल से देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, आशीष ने हाल ही में ट्रैक्टर खरीदा था और उसी से काम कर रहा था, जबकि घनश्याम एक फैक्ट्री में नौकरी करता है। पुलिस परिवार के आर्थिक और आपसी संबंधों को भी जांच में शामिल कर रही है। फिलहाल हत्या के कारण, समय और तरीके को लेकर हर एंगल से जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button