भारतीय सेना ने पर्यावरण जागरूकता के लिए निकाली साइकिल रैली – प्रदूषण बनाम समाधान विषय पर दिया स्वच्छ और हरित जीवन का संदेश

भारतीय सेना ने पर्यावरण जागरूकता के लिए निकाली साइकिल रैली
– प्रदूषण बनाम समाधान विषय पर दिया स्वच्छ और हरित जीवन का संदेश
फोटो कैप्शन: वीआईपी रोड पर पर्यावरण जागरूकता का संदेश देते हुए साइकिल रैली में शामिल बच्चे।
भोपाल, यश भारत । भारतीय सेना द्वारा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक प्रेरणादायक साइकिल रैली का आयोजन किया गया। शहर के वीआईपी रोड पर आयोजित इस रैली ने आम नागरिकों का ध्यान आकर्षित किया और प्रदूषण बनाम समाधान विषय पर विशेष संदेश दिया।
रैली में 8 से 16 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने हाथों में आकर्षक और संदेशपूर्ण प्लेकार्ड्स लेकर प्रदूषण के दुष्प्रभावों तथा उसके समाधान के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया। प्लेकार्ड्स पर स्वच्छ वातावरण, हरित जीवनशैली और प्रदूषण कम करने से जुड़े संदेश लिखे गए थे।
यह रैली 7021 ईएमई बटालियन के सौजन्य से आयोजित की गई। रैली की शुरुआत द्रोणाचल टॉप स्थित आर्मी कैंप से हुई, जो वीआईपी रोड होते हुए कमला पार्क तक पहुंची और पुनः द्रोणाचल टॉप पर समाप्त हुई। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरती इस रैली को देखकर राहगीरों और स्थानीय नागरिकों ने भी बच्चों के उत्साह की सराहना की।
आयोजकों के अनुसार इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। साथ ही नागरिकों को भी स्वच्छ और हरित वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित करना है।
भारतीय सेना समय-समय पर ऐसे सामाजिक और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करती रहती है, जिनसे बच्चों में शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना मजबूत होती है।







