भोपाल में खूनी हुए लुटेरे, 11 घंटे में दूसरी बड़ी वारदात -सीएम हाउस के पास डॉक्टर को पीटा, अब रायसेन रोड पर दो महिलाओं को किया लहूलुहान
भोपाल में खूनी हुए लुटेरे, 11 घंटे में दूसरी बड़ी वारदात
-सीएम हाउस के पास डॉक्टर को पीटा, अब रायसेन रोड पर दो महिलाओं को किया लहूलुहान
चलती एक्टिवा पर झपट्टा: आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का हाथ टूटा, सहेली आईसीयू में जिंदगी की जंग लड़ रही
भोपाल, यश भारत। झीलों की नगरी अब लुटेरों के आतंक से दहल उठी है। बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे सुरक्षित माने जाने वाले वीआईपी इलाकों से लेकर मुख्य मार्गों तक पर खून बहाने से नहीं चूक रहे। मुख्यमंत्री निवास के पास एक डॉक्टर पर जानलेवा हमला कर लूटने के महज 11 घंटे बाद ही बेखौफ बदमाशों ने रायसेन मेन रोड पर दो महिलाओं को अपनी दरिंदगी का शिकार बनाया। लुटेरों के झपट्टे से चलती एक्टिवा से गिरीं दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई हैं।
झपट्टा ऐसा कि सड़क पर बिछ गईं महिलाएं
घटना उस वक्त हुई जब एक आंगनबाड़ी आशा कार्यकर्ता अपनी सहेली के साथ एक्टिवा से रायसेन रोड से गुजर रही थीं। तभी पीछे से आए बाइक सवार लुटेरों ने उनके कंधे पर टंगे बैग को छीनने के लिए पूरी ताकत से झपट्टा मारा। रफ्तार तेज होने के कारण एक्टिवा अनियंत्रित हो गई और दोनों महिलाएं बीच सड़क पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ीं। वारदात को अंजाम देकर लुटेरे बैग लेकर रफूचक्कर हो गए।
एक के सिर में 8 टांके
सड़क पर गिरने के कारण आशा कार्यकर्ता का हाथ बुरी तरह फ्रैक्चर हो गया है। वहीं, उनकी सहेली के सिर में गहरी चोट आई है। घायल सहेली को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनके सिर पर 8 टांके लगाने पड़े। हालत नाजुक होने के कारण उन्हें आई सी यू में भर्ती किया गया है।
पुलिस की गश्त पर खड़े हुए गंभीर सवाल
शहर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले सीएम हाउस क्षेत्र में डॉक्टर से लूट और उसके तुरंत बाद मुख्य मार्ग पर महिलाओं के साथ हुई इस खूनी वारदात ने भोपाल पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। फिलहाल गोविन्दपुरा पुलिस मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश में जुटी है। इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, लेकिन लगातार हो रही इन वारदातों ने आम जनता और खासकर कामकाजी महिलाओं के मन में दहशत पैदा कर दी है।







