खौफनाक सड़क हादसा: बारात से लौट रही बस ट्रक से भिड़ी, ड्राइवर समेत 6 की दर्दनाक मौत
7 लोग गंभीर रूप से घायल

हापुड़,एजेंसी। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। धौलाना-गुलावटी रोड पर बारात से लौट रही एक बस की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना में बस ड्राइवर समेत 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, बस में कुल 12 लोग सवार थे जो एक शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के परखच्चे उड़ गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हापुड़ के एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक को सड़क से हटाकर यातायात को सामान्य कर दिया गया है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया जारी है। एक मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है, जिसे बस चालक माना जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे पर योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य तेज करने और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं।







