जबलपुरदेशमध्य प्रदेशराज्य

बरगी के तिनसी का मामला : चेकिंग से बचने भागा ट्रक, कंटेनर में घुसा; चालक की मौत

सड़क पर चेकिंग या मौत का जाल? आरटीओ अमले पर ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप

जबलपुर। बरगी थाना क्षेत्र के तिनसी में परिवहन विभाग की कथित अघोषित चेकिंग व्यवस्था उस समय सवालों के घेरे में आ गई, जब चेकिंग के दौरान एक ट्रक और कंटेनर की भीषण भिड़ंत हो गई। शनिवार दोपहर हुए इस हादसे में गंभीर रूप से घायल ट्रक चालक होमन लाल पटेल ने मंगलवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

जानकारी के मुताबिक शनिवार दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच तिनसी के पास परिवहन विभाग की उड़नदस्ता टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इस दौरान एक कंटेनर को सड़क पर रोककर रखा गया था। इसी बीच पीछे से आ रहे एक ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि चेकिंग से बचने के प्रयास में ट्रक चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी। इसी दौरान ट्रक अनियंत्रित होकर आगे खड़े कंटेनर से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल होमन लाल पटेल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां कई दिनों तक उसका इलाज चला, लेकिन मंगलवार को उसकी मौत हो गई। हादसे ने परिवहन विभाग की सड़क पर चेकिंग के तरीके को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हादसे के बाद फूटा ट्रक चालकों का गुस्सा

ट्रक चालकों का आरोप हैं कि सड़क पर चेकिंग के नाम पर वाहनों को अचानक रोकने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उड़नदस्ता दल द्वारा जांच के नाम पर वाहनों को जबरन रोका जाता है और कथित तौर पर अवैध वसूली की जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि चेकिंग नियमों के मुताबिक और सुरक्षित तरीके से की जाती तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था।

ग्रामीणों ने थाने में दिया ज्ञापन, कार्रवाई की मांग

हादसे के बाद ग्रामीणों ने बरगी थाने पहुंचकर आरटीओ विभाग की चेकिंग व्यवस्था के खिलाफ ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन में उड़नदस्ता प्रभारी की भूमिका की जांच कराने और कार्रवाई की मांग की गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क पर इस तरह वाहनों को रोकना वाहन चालकों के साथ-साथ दूसरे राहगीरों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है।

पुलिस बोली- जांच जारी

बरगी थाने के एसआई अनिल सिंह ने बताया कि तिनसी के पास आरटीओ चेकिंग के दौरान कंटेनर और ट्रक की भिड़ंत हुई थी। हादसे में घायल ट्रक चालक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई है। मामले की जांच की जा रही है। चेकिंग के दौरान कथित वसूली को लेकर ग्रामीणों की ओर से ज्ञापन भी दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button